LHC0088 Publish time 1 hour(s) ago

बेतिया-बगहा मार्ग स्ट्रीट लाइटों से जगमगाएगा, एनएच-727 पर सफर होगा सुरक्षित और सुविधाजनक

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/23/article/image/NH-727-street-light-1771850539408_m.webp

Street Light Project Bihar: होली के बाद एनएच-727 पर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य शुरू हो सकता है। फाइल फोटो



जागरण संवाददाता, बगहा (पश्चिम चंपारण)। Bettiah Bagaha Highway: बेतिया से बगहा तक गुजरने वाले एनएच-727 पर अब रात का सफर पहले से ज्यादा सुरक्षित और सुगम होने की उम्मीद जगी है।

इस मार्ग को स्ट्रीट लाइटों से रोशन करने, प्रमुख चौराहों पर सार्वजनिक शौचालय निर्माण और पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित व्यवस्था विकसित करने की दिशा में विभागीय पहल शुरू हो गई है।

इस संबंध में राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल, मोतिहारी के कार्यपालक अभियंता कार्यालय ने अधीक्षण अभियंता, राष्ट्रीय उच्च पथ अंचल मुजफ्फरपुर को पत्र भेजकर आवश्यक मार्गदर्शन मांगा है। विभागीय स्तर पर उम्मीद जताई जा रही है कि होली के बाद एनएच-727 पर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य शुरू हो सकता है।
सामाजिक संस्था की पहल

पत्र में उल्लेख किया गया है कि सामाजिक संस्था लोक कल्याण विकास मंच वेलफेयर ट्रस्ट ने बेतिया से बगहा तक एनएच-727 मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने, मुख्य चौराहों पर सार्वजनिक शौचालय बनाने और पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए उचित सड़क संरचना विकसित करने का अनुरोध किया है। संस्था के संस्थापक अध्यक्ष रवि उपाध्याय द्वारा इस संबंध में पूर्व में आवेदन भी दिया जा चुका है।
विभागीय स्तर पर मांगा गया मार्गदर्शन

कार्यपालक अभियंता कार्यालय ने पत्र के माध्यम से स्पष्ट किया है कि प्रस्तावित मांगों को ध्यान में रखते हुए संबंधित उच्च अधिकारियों से दिशा-निर्देश मांगे गए हैं, ताकि आगे की प्रक्रिया को गति दी जा सके और कार्यान्वयन सुनिश्चित हो।
लोगों को मिलेगी बड़ी राहत

स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-727 पर स्ट्रीट लाइट और सार्वजनिक सुविधाओं की कमी के कारण रात के समय यात्रियों, वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यदि प्रस्ताव पर अमल होता है, तो न केवल सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी, बल्कि यात्रियों और आम नागरिकों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
Pages: [1]
View full version: बेतिया-बगहा मार्ग स्ट्रीट लाइटों से जगमगाएगा, एनएच-727 पर सफर होगा सुरक्षित और सुविधाजनक