deltin33 Publish time 2026-2-23 20:26:40

दिल्ली फैक्ट्री मालिक हत्याकांड: थप्पड़ मारने पर श्रमिक ने किया था मर्डर, एक नाबालिग समेत तीन आरोपी दबोचे गए

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/23/article/image/Delhi-Khabar-(68)-1771859187977_m.webp

पुलिस की गिरफ्त में आरोपित। फोटो- जागरण



जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। नरेला औद्योगिक क्षेत्र में थप्पड़ मारने का बदला लेने के लिए श्रमिक ने दोस्तों के साथ मिलकर फैक्ट्री मालिक की हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग समेत तीन आरोपितों को पकड़ा है।

मुख्य आरोपित समेत एक अन्य आरोपित फरार है। पुलिस इन्हें पकड़ने के लिए इनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पकड़े गए आरोपितों के कब्जे से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल दो चाकू और दो बाइक बरामद की है।
क्या है पूरा मामला?

उत्तर पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि 20 फरवरी की रात नरेला औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्ट्री मालिक पर चाकू से हमला कर हत्या की जानकारी मिली थी। पुलिस के अस्पताल पहुंचने पता चला कि डाक्टरों ने गौतम कालोनी निवासी 28 वर्षीय रवि सिंह को मृत घोषित कर दिया है।

जांच में पता चला कि गौतम कॉलोनी निवासी रवि का चौधरी एंटरप्राइजेज के नाम से जे ब्लाक में फैक्ट्री थी। रात में वह अपनी बाइक से फैक्ट्री से घर के लिए निकले थे। इसी दौरान आधा दर्जन से अधिक लोगों ने उनपर चाकू से हमला कर दिया। उनके गर्दन, कंधे और पीठ पर चाकू के कई घाव हो गए।
सीसीटीवी कैमरे से हुई संदिग्धों की पहचान

मृतक के बड़े भाई रणवीर सिंह अपनी शिकायत में फैक्ट्री के एक श्रमिक पर हत्या करने का आरोप लगाया। थाना प्रभारी मनोज कुमार के नेतृत्व में टीम ने आस पास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की और तकनीकी सर्विलांस के जरिए संदिग्धों की पहचान कर ली।

पुलिस ने 22 फरवरी को होलंबी कलां निवासी ऋतिक, अजय और मेट्रो विहार निवासी नाबालिग को पकड़ लिया। इनके कब्जे से पुलिस ने चाकू और दो बाइक बरामद कर ली। पूछताछ में पता चला कि 19 फरवरी को फैक्ट्री में मालिक रवि और श्रमिक राहिद के बीच किसी काम को लेकर झगड़ा हो गया था।

आरोप है कि इस झगड़े के दौरान रवि ने राहिद को थप्पड़ मार दिया। इस बेइज्जती का बदला लेने के लिए राहिद ने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर फैक्ट्री मालिक की हत्या की साजिश रची। पुलिस भागे हुए मुख्य आरोपित सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
Pages: [1]
View full version: दिल्ली फैक्ट्री मालिक हत्याकांड: थप्पड़ मारने पर श्रमिक ने किया था मर्डर, एक नाबालिग समेत तीन आरोपी दबोचे गए