cy520520 Publish time 1 hour(s) ago

पटना के बांस घाट शवदाह गृह ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग से होगा अंतिम संस्कार, शोकाकुल परिवारों को मिलेगी राहत

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/23/article/image/Patna-Bans-Ghat-1771861288719_m.webp

बांस घाट शवदाह गृह ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग से होगा अंतिम संस्कार



जागरण संवाददाता, पटना। राजधानी में स्मार्ट सिटी पहल के तहत बांस घाट स्थित निर्माणाधीन अत्याधुनिक शवदाह गृह में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को सरल और व्यवस्थित बनाने के लिए ऑनलाइन बुकिंग सुविधा शुरू की जा रही है।

उद्घाटन के बाद शोकाकुल स्वजन को शवदाह गृहों में लंबी कतार और अव्यवस्था से राहत मिलेगी तथा वे घर बैठे ही अंतिम संस्कार के लिए स्लाट सुरक्षित कर सकेंगे। यह व्यवस्था डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से पारदर्शिता बढ़ाने और समय की बचत सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकसित की जा रही है।

पटना नगर निगम की ओर से यह सुविधा वॉट्सऐप चैटबॉट, 24 घंटे हेल्पलाइन और समर्पित ऑनलाइन पोर्टल के जरिए उपलब्ध कराई जाएगी। पोर्टल विकसित करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

उपलब्ध जानकारी के अनुसार लोग वॉट्सऐप चैटबॉट नंबर 9264447449 पर संदेश भेजकर सीधे स्लाट बुक कर सकेंगे।

वर्तमान में चैटबॉट में पांच सेवाओं के विकल्प मौजूद हैं, जिनमें शवदाह गृह बुकिंग का विकल्प भी जोड़ा जाएगा। इसके अलावा 24 घंटे हेल्पलाइन पर काल कर सेवा अनुरोध दर्ज कराया जा सकेगा। जरूरत पड़ने पर हेल्प डेस्क की टीम शवदाह गृह परिसर में स्वजन को ऑन-स्पॉट रजिस्ट्रेशन में भी सहायता प्रदान करेगी।

ऑनलाइन पोर्टल पर मोबाइल नंबर और ओटीपी के माध्यम से लागिन करने के बाद मृतक का विवरण भरकर शवदाह गृह का प्रकार चयनित किया जा सकेगा और उपलब्ध स्लॉट के अनुसार बुकिंग पूरी होगी।

डिजिटल प्लेटफॉर्म पर शव वाहन सेवा, लकड़ी तथा पूजन सामग्री की अग्रिम बुकिंग की सुविधा भी दी जाएगी। भुगतान के लिए ऑनलाइन पेमेंट गेटवे और यूपीआई का विकल्प रहेगा। बुकिंग पूर्ण होने पर परिजनों के मोबाइल पर एसएमएस के जरिए पुष्टि संदेश भेजा जाएगा।
ऑनलाइन जारी होंगे सर्टिफिकेट

अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद डेथ सर्टिफिकेट और बर्निंग सर्टिफिकेट ऑनलाइन जारी किए जाएंगे, जिन्हें पोर्टल से डाउनलोड किया जा सकेगा।

नगर निगम अधिकारियों का मानना है कि इस व्यवस्था से अंतिम संस्कार की प्रक्रिया अधिक सम्मानजनक, पारदर्शी और सुविधाजनक बनेगी तथा संकट की घड़ी में परिजनों को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी।
89.40 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा अत्याधुनिक शवदाह गृह

यह परियोजना शुरू होने के बाद शहरवासियों को आधुनिक एवं व्यवस्थित अंतिम संस्कार सुविधा उपलब्ध होगी। बता दें कि 89.40 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक शवदाह गृह का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है।

बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम (बुडको) की ओर से विकसित किया जा रहा यह आधुनिक श्मशान परिसर नवीन सुविधाओं से सुसज्जित होगा। नवनिर्मित शवदाह गृह में आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है, जो प्रदूषण और पर्यावरणीय क्षति को कम करने में सहायक होगा।
Pages: [1]
View full version: पटना के बांस घाट शवदाह गृह ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग से होगा अंतिम संस्कार, शोकाकुल परिवारों को मिलेगी राहत