गिरिडीह में वोटिंग के बाद चली गोली में 2 लोग हुए घायल, जमकर हुआ हंगामा
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/23/article/image/Giridih-Firing-1771869073435_m.webpगिरडीह में फायरिंग। (जागरण)
जागरण संवाददाता, गिरिडीह। गिरिडीह नगर निगम चुनाव दिन भर छिटपुट आपसी विवादों के बीच शाम पांच बजे शांतिपूर्ण संपन्न तो हो गया लेकिन दिन भर की शांति व्यवस्था पर शाम में पल भर में हुई फायरिंग में दो व्यक्तियों के घायल होने के बाद पानी फिर गया।
इस गोली कांड में भंडारीडीह बुदुटीला के पास के रहने वाले करीब 48 वर्षीय शमीम अंसारी व असलम अंसारी उर्फ शेरू गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलावस्था में दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर उपचार के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया।
बताया गया कि उक्त दोनों युवक अपने घरों के पास खड़े थे। इसी क्रम में झिंझरी मोहल्ला की ओर से शिवम के लोग पहुंचे और गोली चलाते हुए फरार हो गए जिसमें शमीम को कनपट्टी के पास तो शेरू को पैर में गोली लगी।
इधर गोली कांड के बाद घायलों के स्वजन व अन्य लोग उग्र हो गए और बुदुटीला के पास हंगामा करते हुए सड़क पर उतर गए व रोड को जाम कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव सदलबल मौके पर पहुंचे और आक्रोशितों को समझाने का प्रयास किया लेकिन उल्टा एसडीपीओ को ही आक्रोशितों का कोपभाजन होना पड़ा।
बीच भीड़ ने उन्हें घेर लिया गया तो मौके पर मौजूद अन्य पुलिस पदाधिकारियों व जवानों ने बल प्रयोग करते हुए किसी प्रकार एसडीपीओ को आक्रोशितों की भीड़ से बाहर निकाला।
इस क्रम में आक्रोशितों ने दो युुवकों की जमकर पिटाई कर दी और पुलिस मूकदर्शक बनी रही। पुलिस के समक्ष ही आक्रोशितों ने दोनों युवकों काे जमकर पीटा व कपड़ा तक फाड़ दिया। हालांकि बाद में काफी मशक्कत के बाद पुलिस उक्त दाेनों युवकों को आक्रोशितो के चंगुल से मुक्त कराते हुए सुरक्षित अपने साथ ले गई।
वहीं, आक्रोशितों ने घटना पर आक्रोश जताते हुए जमकर पत्थरबाजी भी की। समाचार संकलन करने गए पत्रकार भी पथराव की चपेट में आए। पत्रकारों ने किसी प्रकार वहां से भागकर अपनी जान बचाई।
इधर झिंझरी मोहल्ला के लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के बाद भंडारीडीह की ओर से आक्रोशितों ने आकर कई घरों में घुसकर लोगों के साथ मारपीट करते हुए एसबेस्टस तोड़ दिया व घर में रखे पानी के बर्तनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटनास्थल से लेकर आसपास का क्षेत्र पूरी तरह से पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। वहीं गोली चलाने वालों की पहचान कर उन्हें दबोचने के लिए पुलिस टीम छापेमारी करने में जुट गई है। गाली चलाए जाने व इसमें दो लोगों के घायल होने की पुष्टि कई पुलिस पदाधिकारियों ने की है। https://www.jagranimages.com/images/womenday780x100.png?v1https://www.jagranimages.com/images/womendayANI380x100.gif
Pages:
[1]