बिहार: सोने का लॉकेट खोया तो स्कूली बच्चों को खिला दिया तांत्रिक का दिया रंगीन चावल; 28 छात्र भर्ती
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/23/article/image/Sitamarhi-news-(14)-1771870085102_m.webpमौके पर जुटे लोग। (जागरण)
संवाद सहयोगी, रुन्नीसैदपुर (सीतामढ़ी)। मध्य विद्यालय अथरी में शनिवार को एक छात्रा की सोने की हनुमानी (लॉकेट) गायब हो गई। खोई वस्तु का पता लगाने के लिए छात्रा के स्वजन ने अंधविश्वास पर भरोसा किया।
एक तांत्रिक के कहने पर स्कूली बच्चों को कच्चा रंगीन चावल खिलाया गया, जिससे दर्जनों बच्चों ने तबीयत खराब होने की शिकायत की। बाद में जांच के बाद पाया गया कि यह सब बच्चों का वहम था।
मामूली इलाज के बाद सभी बच्चे सकुशल घर लौट गए। जानकारी के अनुसार, शनिवार को विद्यालय की छात्रा वर्तिका की सोने की हनुमानी गायब हो गई।
वर्तिका के पिता राजू चौधरी ने एक तांत्रिक को बुलाया जिसने दावा किया कि उसके द्वारा अभिमंत्रित चावल खाने से चोर पकड़ा जाएगा।
सोमवार को विद्यालय परिसर में पहुंचे वर्तिका के स्वजन ने स्कूली बच्चों को कच्चा रंगीन चावल खिलाया। चावल खाते ही कई बच्चों ने जी मिचलाने व मितली की शिकायत की।
देखते ही देखते विद्यालय तक पहुंचे बच्चों के अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा तथा स्कूल परिसर में भारी हंगामा खड़ा हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय मुखिया आलोक कुमार व सरपंच दुखहरण प्रसाद सिंह ने तुरंत एंबुलेंस बुलाई। बीमार बच्चों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच के बाद सभी बच्चों को खतरे से बाहर बताया।
28 बच्चे पहुंचे अस्पताल
बच्चों को ओआरएस का घोल पिलाकर वापस भेज दिया गया। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. राकेश रंजन ने बताया कि कुल 28 बच्चे अस्पताल पहुंचे थे। इनमें मात्र आठ ने सिरदर्द व पेटदर्द की शिकायत की। उनमें से कुछ को पैरासिटामोल व ओरआरएस दिया गया।
इसके बाद सभी सकुशल घर चले गए। चिकित्सक के अनुसार बच्चों वहम के कारण परेशानी हो गई थी। एक मुट्ठी से कम रंगीन चावल खा लेने से भी कोई ज्यादा परेशानी नहीं हो सकती है।
वहीं, सूचना मिलते हीं बीडीओ धनंजय कुमार व थानाध्यक्ष रामनाथ प्रसाद भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा उग्र ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया।
बीडीओ धनंजय कुमार ने इस घटना को अत्यंत गंभीर बताते कहा कि किसी बाहरी व्यक्ति को स्कूल में घुसकर बच्चों को कुछ भी खिलाने की अनुमति कैसे दी गई, इसकी जांच होगी।
विद्यालय की प्रधान शिक्षिका समेत इस घटना के लिए जबावदेह शिक्षक विपीन ठाकुर से इस संबंध में स्पष्टीकरण की मांग की जाएगी। https://www.jagranimages.com/images/womenday780x100.png?v1https://www.jagranimages.com/images/womendayANI380x100.gif
Pages:
[1]