cy520520 Publish time 2 hour(s) ago

पूर्व राष्ट्रपति पर आपत्तिजनक टिप्पणी करना पड़ा भारी, BEO सस्पेंड, नकुड़ में तैनाती के दौरान हुआ था प्रकरण

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/24/article/image/Nilambit-1771874072523_m.webp



जागरण संवाददाता, सहारनपुर। शिक्षा विभाग खुद अपने ही कर्मचारियों की हरकतों की वजह से फजीहत झेल रहा है। पूर्व राष्ट्रपति डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन, जिनके जन्म दिवस को गर्व के साथ पूरे देश में शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन पर आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला सामने आया है। मामले में जांच के बाद साढ़ौली कदीम में तैनात खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) सोमवीर सिंह को निलंबित किया गया है।

उत्तर प्रदेश शिक्षक संघ के शाखा नकुड़ अध्यक्ष पंकज तंवर ने नौ अक्टूबर 2025 को महानिदेशक स्कूल शिक्षा को शिकायती पत्र भेजा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि 15 सितंबर 2025 को बीईओ सोमवीर सिंह के मोबाइल नंबर से प्रधान अध्यापक नकुड़ ब्लाक के वाट्सएप ग्रुप पर पूर्व राष्ट्रपति डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन व ओशो की फोटो के साथ अभद्र टिप्पणी लिखी फेसबुक पोस्ट का लिंक डाला था।

मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक को सौंपी थी जांच

इसके बाद अभद्र टिप्पणी भी की गई थी। इससे पहले तीन अगस्त 2025 को भी सोमवीर के नंबर से इसी ग्रुप पर विभिन्न धर्मग्रंथों पर तथा तीन सितंबर 2025 को नकुड़ ब्लाक के शिक्षकों को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट लिखी गई थी। शिकायत की जांच मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक को सौंपी गई थी।

जांच आख्या में आरोपों की पुष्टि होने पर अपर शिक्षा निदेशक बेसिक कामता रामपाल ने सोमवीर को निलंबित कर दिया। साथ ही मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक मेरठ को सोमवीर के खिलाफ विभागीय जांच करने के आदेश दिए हैं। निलंबन अवधि के लिए सोमवीर को मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक से संबद्ध किया गया है।

निलंबन के बावजूद जांच करने पहुंचे बीईओ

21 फरवरी को निलंबित किए जाने के बावजूद सोमवार को बीईओ सोमवीर सिंह ने उच्च प्राथमिक विद्यालय, जानीपुर में पहुंचकर एक शिक्षक से जुड़े मामले में जांच की। इतना ही नहीं इसके बाद बीईओ ने उच्च प्राथमिक विद्यालय रहणा का निरीक्षण भी किया।

यह भी पढ़ें- बिजली बिल के 32 लाख रुपये का गबन करने के मामले में बड़ी कार्रवाई, एक्सईएन सहित पांच सस्पेंड

निलंबित बीईओ के विभागीय जांच करने पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि सोमवीर ने बताया कि सोमवार सुबह तक उन्हें निलंबन पत्र नहीं मिला था। इसी वजह से वह सुबह ही एसआइआर ड्यूटी के लिए निकल गए थे। इसी बीच जानीपुर और रहणा में निरीक्षण व जांच जांच करने गए थे। सोमवार दोपहर को निरीक्षण से लौटने के बाद ही निलंबन पत्र मिला।


निलंबन के बाद किसी को भी जांच या निरीक्षण का अधिकार नहीं है। बीईओ सोमवीर सिंह को 21 फरवरी को ही बीएसए कार्यालय से निलंबन की सूचना दे दी गई थी। सोमवार को निलंबन पत्र रिसीव करा दिया गया है। - कोमल, बीएसए
https://www.jagranimages.com/images/womenday780x100.png?v1https://www.jagranimages.com/images/womendayANI380x100.gif
Pages: [1]
View full version: पूर्व राष्ट्रपति पर आपत्तिजनक टिप्पणी करना पड़ा भारी, BEO सस्पेंड, नकुड़ में तैनाती के दौरान हुआ था प्रकरण