Chikheang Publish time 1 hour(s) ago

आंध्र प्रदेश में मिलावटी दूध पीने से 4 की मौत, 10 लोग अस्पताल में भर्ती

Rajahmundry Milk Tragedy: आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले के राजामहेंद्रवरम (राजमुंद्री) कस्बे में एक अवैध विक्रेता द्वारा सप्लाई किए गए मिलावटी दूध के सेवन से पिछले 48 घंटों में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, पुलिस ने मामला दर्ज कर डेयरी संचालक को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।



पूर्वी गोदावरी जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) डी नरसिम्हा किशोर के अनुसार, चौदेश्वरी नगर क्षेत्र में 16 फरवरी से पेशाब न आना (एनुरिया) और गुर्दे से संबंधित मामले सामने आने लगे थे, हालांकि, हाल ही में दो मरीजों की मौत के बाद यह मामला सुर्खियों में आया।



SP ने बताया, “यह घटना तब सामने आई जब पांच मरीजों की हालत गंभीर हो गई और रविवार को उनमें से दो की मौत हो गई।”




संबंधित खबरें
Namo Bharat RRTS: लॉन्च के पहले दिन ही मेरठ रैपिड ट्रेन ने बनाया रिकॉर्ड, 1 लाख यात्रियों का आंकड़ा किया पार अपडेटेड Feb 24, 2026 पर 8:18 AM
Ranchi Plane Crash: झारखंड एयर एंबुलेंस में कौन-कौन थे सवार? प्लेन क्रैश में सभी 7 लोगों की मौत, DGCA और AAIB ने शुरू की जांच अपडेटेड Feb 24, 2026 पर 7:24 AM
Ranchi Plane Crash: रांची में बड़ा विमान हादसा, उड़ान भरने के बाद चार्टर प्लेन क्रैश...सात लोग थे सवार अपडेटेड Feb 23, 2026 पर 11:21 PM

पुलिस अधीक्षक ने आगे बताया कि मृतकों की पहचान एन शेषागिरी राव (72), राधाकृष्ण मूर्ति (74), ताड़ी कृष्णावेनी (76) और ताड़ी रमानी (58) के रूप में हुई है। कृष्णावेनी और रमानी की मौत रविवार को हुई, जबकि अन्य दो मरीजों की मौत सोमवार को हुई। ये सभी कस्बे के चौदेश्वरी नगर के निवासी थे।



सीएम नायडू ने मामले को विधनासभा में उठाया



राज्य विधानसभा में इस मामले पर बोलते हुए मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि उल्टी, पेट दर्द और किडनी से जुड़ी समस्याओं जैसे लक्षणों के साथ कई पीड़ितों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि दो अन्य मरीजों की हालत गंभीर है।



उन्होंने कहा, “पीड़ितों से लिए गए नमूनों को विश्लेषण के लिए हैदराबाद और विशाखापत्तनम की प्रयोगशालाओं में भेजा गया है।” मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये प्रति परिवार की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की और आश्वासन दिया कि सरकार मरीजों के चिकित्सा खर्च वहन करेगी।



जिला अधिकारियों से प्राप्त प्रारंभिक रिपोर्ट का हवाला देते हुए नायडू ने कहा कि कोरुकोंडा मंडल के नरसपुरम गांव में स्थित निजी डेयरी, वरलक्ष्मी मिल्क डेयरी, कॉलोनी के 106 घरों को नियमित रूप से दूध की आपूर्ति कर रही थी।



उन्होंने कहा, “अधिकारी पुष्टि कर चुके हैं कि जो लोग बीमार हुए, उन्होंने इसी डेयरी का दूध पीया था।” नायडू ने बताया कि मृतकों के परिवार की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और डेयरी संचालक अड्डला गणेश्वर राव को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।



उन्होंने कहा, “मिलावट की पुष्टि होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”



जिला कलेक्टर ने लोगों से नहीं घबराने की अपील की



इस बीच, जिला कलेक्टर कीर्ति चेकुरी ने जनता से इन मामलों को लेकर घबराने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा, “विशेष रैपिड रिस्पॉन्स टीमों ने प्रभावित क्षेत्रों में घर-घर सर्वे किया और आवश्यक चिकित्सा सहायता प्रदान कर रही हैं।”



कलेक्टर ने बताया कि अधिकारियों ने उन परिवारों के सदस्यों के ब्लड टेस्ट कराए हैं जिन्होंने सप्लायर से दूध लिया था। अब तक 73 परिवारों से नमूने एकत्र किए गए हैं और निरंतर मेडिकल निगरानी सुनिश्चित की जा रही है।



46 पशुओं की जांच की गई



पशुपालन विभाग ने 46 पशुओं की जांच की और सैंपल को वैज्ञानिक और पशु चिकित्सा लैब्स में भेजा। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने भी दूध, दही और अन्य डेयरी उत्पादों के नमूने एकत्र कर हैदराबाद और विशाखापत्तनम की लैब्स में भेजे हैं। चेकुरी ने कहा कि रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



उन्होंने कहा, “हम मृतकों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। अवैध डेयरी यूनिट को सील कर दिया गया है और दूध सप्लायर को हिरासत में ले लिया गया है। सटीक कारण पता चलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ब्लड सैंपल की जांच से पता चला है कि बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं।”



जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वी. वेंकटेश्वर राव ने बताया कि अस्पताल में भर्ती अधिकांश मरीज 60 वर्ष से अधिक आयु के हैं। प्रभावित क्षेत्रों में विशेष चिकित्सा शिविर स्थापित किए गए हैं और लगातार निगरानी की जा रही है।



यह भी पढ़ें: Lucknow: एक और ब्लू ड्रम कांड! पिता को मारी गोली…शव के टुकड़े कर ड्रम में छिपाया, इस बात पर था नाराज
Pages: [1]
View full version: आंध्र प्रदेश में मिलावटी दूध पीने से 4 की मौत, 10 लोग अस्पताल में भर्ती