कांगड़ा पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण से सुलझाई साइबर ठगी की गुत्थी, जालसाजों के चंगुल से निकाली पीड़ित की खून-पसीने की कमाई
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/24/article/image/cyber-fraud-1771933277641_m.webpपुलिस जिला नूरपुर की आनलाइन साइबर ठगी के मामलों में अहम सफलता
संवाद सहयोगी, नूरपुर। पुलिस जिला नूरपुर की टीम ने आनलाइन साइबर ठगी के मामले में अहम सफलता हासिल करते हुए शिकायतकर्ता को तीन लाख रुपये वापिस दिलाते हुए आरोपी को सूरत (गुजरात) से गिरफ्तार किया है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस जिला नूरपुर में वर्ष 2023 व 2024 के दौरान पुलिस थाना नूरपुर में आनलाइन साइबर ठगी के दो मामले दर्ज हुए थे।
पहला मामला 23 मार्च 2023 को दर्ज हुआ था जिसमें शिकायतकर्ता हरबंस सिंह निवासी तहसील फतेहपुर जिला कांगड़ा ने अज्ञात व्यक्तियों द्वारा व्हाट्सएप काल के माध्यम से 3 लाख रुपये की आनलाइन ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
उन्होंने बताया कि दूसरे मामला 18 जनवरी 2024 को सामने आया था जिसमें शिकायतकर्ता शिमला देवी निवासी तहसील नूरपुर जिला कांगड़ा से अज्ञात आरोपियों द्वारा फोन काल के माध्यम से कुल 3 लाख 20 हजार रुपये गूगल पे के माध्यम से ठग लिए गए थे।
उन्होंने बताया कि दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जिला नूरपुर द्वारा विशेष रणनीति के तहत एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी विश्लेषण, डिजिटल ट्रैकिंग, बैंक लेन-देन की जांच तथा अन्य राज्यों में दबिश देकर लगातार कार्रवाई की।
उन्होंने बताया कि टीम के सतत प्रयासों से पहले मामले में शिकायतकर्ता हरबंस सिंह को तीन लाख रुपये वापस दिलाने में सफलता प्राप्त हुई है जबकि दूसरे मामले में जांच के दौरान पुलिस टीम जब आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बिहार पहुंची तो मुख्य आरोपी महाबीर कुमार निवासी पश्चिम चंपारण, बिहार वहां से फरार होकर गुजरात भाग गया।
पुलिस टीम ने लगातार पीछा करते हुए आरोपी को सूरत (गुजरात) से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है तथा इन मामलों में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
उन्होंने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आनलाइन साइबर ठगी से सावधान रहें। किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर काल करें अथवा साइबर क्राइम वेबसाइट पर अपनी शिकायत दर्ज करवाएं। https://www.jagranimages.com/images/womenday780x100.png?v1https://www.jagranimages.com/images/womendayANI380x100.gif
Pages:
[1]