जमशेदपुर में कैंसर और दिल की बीमारियों का होगा सटीक इलाज; MGM को पेट सिटी स्कैन और कैथलैब की सौगात
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/24/article/image/mgm-cath-lab-1771948015449_m.webpएमजीएम अस्पताल।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। स्वास्थ्य के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में झारखंड सरकार ने इस बार के बजट में ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। सरकार ने कैंसर और हृदय रोगों जैसी गंभीर बीमारियों को केंद्र में रखते हुए 200 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया है। इसका सबसे बड़ा लाभ जमशेदपुर के महात्मा गांधी मेमोरियल (MGM) मेडिकल कॉलेज अस्पताल और परसुडीह सदर अस्पताल को मिलने जा रहा है। अब शहरवासियों को महंगी जांच और इलाज के लिए कोलकाता, दिल्ली या रांची जैसे महानगरों की दौड़ नहीं लगानी होगी।
कैंसर जांच के लिए मिलेगी \“पेट सिटी स्कैन\“ की सुविधा
बजट की सबसे महत्वपूर्ण घोषणा MGM अस्पताल में अत्याधुनिक पेट सिटी स्कैन (PET-CT Scan) मशीन की स्थापना है। अब तक कोल्हान क्षेत्र में सरकारी स्तर पर इस सुविधा का अभाव था।
क्यों खास है पेट सिटी स्कैन?
सामान्य सीटी स्कैन या एमआरआई केवल शरीर की बनावट दिखाते हैं, लेकिन पेट सिटी स्कैन कैंसर कोशिकाओं की शुरुआती सक्रियता को पकड़ लेता है। इससे डॉक्टर को यह समझने में मदद मिलती है कि कैंसर किस स्टेज पर है और इलाज (कीमोथेरेपी या रेडिएशन) का शरीर पर क्या असर हो रहा है। इसके शुरू होने से मरीजों के लाखों रुपये और कीमती समय बचेगा।
सदर अस्पताल: मैमोग्राफी से थमेगा ब्रेस्ट कैंसर का खतरा
महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए सरकार ने परसुडीह स्थित सदर अस्पताल में मैमोग्राफी मशीन लगाने का निर्णय लिया है।
[*] जल्दी पहचान, सुरक्षित जान: मैमोग्राफी एक विशेष एक्स-रे तकनीक है जो स्तन कैंसर की पहचान तब कर लेती है जब लक्षण भी दिखाई नहीं देते।
[*] सफलता दर: विशेषज्ञों के अनुसार, यदि शुरुआती चरण में पहचान हो जाए तो ब्रेस्ट कैंसर के इलाज की सफलता दर 90 प्रतिशत से अधिक होती है। अब स्थानीय स्तर पर यह सस्ती जांच महिलाओं के लिए जीवनरक्षक साबित होगी।
कैथलैब: हार्ट अटैक के मरीजों के लिए गोल्डन ऑवर में इलाज
MGM अस्पताल में कैथलैब(CathLab) का निर्माण अंतिम चरण में है। हृदय रोगों के बढ़ते मामलों को देखते हुए यह सुविधा किसी वरदान से कम नहीं है।
[*] एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी: हृदय की धमनियों में ब्लॉकेज की सटीक पहचान और स्टेंट डालने की सुविधा।
[*] आपातकालीन राहत: हार्ट अटैक की स्थिति में मरीज को निजी अस्पताल के भारी खर्च या दूसरे शहर ले जाने के बजाय तुरंत इलाज मिल सकेगा।
[*] सस्ती सुविधाएं: गरीब मरीजों को अब विश्वस्तरीय कार्डियक केयर सरकारी खर्च पर उपलब्ध होगा।
समय पर जांच से बचेगी जान और पैसा कैंसर और हार्ट की बीमारियां आज लगभग हर परिवार की चिंता बन चुकी हैं। अक्सर सही समय पर जांच न होने के कारण इलाज महंगा और मुश्किल हो जाता है। सरकार की इन घोषणाओं का सीधा मतलब है कि अब तकनीक आपके दरवाजे पर है। यदि ये योजनाएं समय पर धरातल पर उतरती हैं, तो जमशेदपुर पूरे राज्य के लिए हेल्थ हब के रूप में एक नई मिसाल पेश करेगा। https://www.jagranimages.com/images/womenday2_780x100.jpghttps://www.jagranimages.com/images/womendayANI2_380x100.gif
Pages:
[1]