नोएडा-दिल्ली हादसों से सबक नहीं: जैकबपुरा में घर के बाहर गड्ढे में गिरा छात्र, हादसा टला
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/25/article/image/Gaddha-(1)-1771971998031_m.webpगुरुग्राम में गड्ढे में गिरा छात्र, टला बड़ा हादसा।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। नोएडा और दिल्ली में खुले गड्ढों व निर्माण स्थलों से जुड़े हादसों के बाद भी गुरुग्राम में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सरकारी विभागों के अधिकारी गंभीर नजर नहीं आ रही है। ताजा मामला जैकबपुरा क्षेत्र का है, जहां एक गली में घर के बाहर खोदे गए करीब एक फुट गहरे गड्ढे में एक छात्र का पैर फिसल गया।
गनीमत रही कि गड्ढा अधिक गहरा नहीं था और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। लगभग एक सप्ताह पहले इस क्षेत्र में सीवर लाइन बिछाने का कार्य शुरू किया गया था। गली में सीवर के चैंबर का भी निर्माण किया जा रहा है।
गली में सीवर लाइन बिछाने के दौरान एक घर की पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। उसे दुरुस्त करने के लिए घर के सामने गड्ढा खोदा गया, जिसमें पानी भर गया था। स्कूल से लौटते समय छात्र जैसे ही घर की ओर बढ़ा, उसका पैर पानी से भरे गड्ढे में चला गया और वह असंतुलित हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत बाहर निकाला।
लोग बोले, बच्चों और बुजुर्गों के लिए खतरा बढ़ा
स्थानीय लोगों का कहना है कि गली में खोदाई का कार्य चल रहा है, लेकिन पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं। खुले गड्ढे और पानी भरने से फिसलन की स्थिति बनी रहती है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों के लिए खतरा बढ़ जाता है। लोगों ने मांग की है कि जब तक निर्माण कार्य पूरा न हो, तब तक मजबूत बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत अनिवार्य रूप से लगाए जाएं।
पार्षद बोले- बैरिकेडिंग करवाई थी, लोग हटा देते हैं
इस संबंध में स्थानीय पार्षद आशीष गुप्ता का कहना है कि 16 फरवरी से यहां सीवर लाइन बिछाने का कार्य शुरू किया गया है। करीब पचास वर्ष पुरानी लाइन को बदला जा रहा है। सीवर चैंबर निर्माण के दौरान पीछे की लाइनों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ता है ताकि कार्य सुचारु रूप से हो सके, लेकिन कुछ लोग इसका विरोध करते हैं। उन्होंने बताया कि बैरिकेडिंग और टेपिंग की गई थी, मगर लोगों ने उसे हटा दिया।
सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए रात के समय भी कार्य शुरू किया गया, पर विरोध के कारण उसे रोकना पड़ा। वहीं, नगर निगम के एसडीओ आशीष का कहना है कि जैकबपुरा में पुरानी सीवर लाइन को अपग्रेड करने का कार्य चल रहा है। गली के दोनों तरफ जेसीबी खड़ी कर सुरक्षा की दृष्टि से इसे बंद किया गया था। ठेकेदार को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कहीं लापरवाही पाई जाती है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर कार खड़ी कर युवकों ने किया डांस, वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में पुलिस https://www.jagranimages.com/images/womenday2_780x100.jpghttps://www.jagranimages.com/images/womendayANI2_380x100.gif
Pages:
[1]