deltin33 Publish time 2 hour(s) ago

अतिक्रमण और अव्यवस्था के बीच आतंकी हमले की धमकी ने बढ़ाई चांदनी चौक की चिंता, व्यापारियों ने की सुरक्षा की मांग

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/25/article/image/Chandni-chowk-(2)-1771981961771_m.webp

आतंकी हमले की धमकी ने चांदनी चौक के लोगों की चिंता बढ़ा दी।



नेमिष हेमंत, नई दिल्ली। अतिक्रमण और अव्यवस्था के बीच आतंकी हमले की धमकी ने चांदनी चौक के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लश्कर -ए- तैयबा ने लालकिला के साथ ही चांदनी चौक स्थित लाल जैन मंदिर व गौरीशंकर मंदिर पर आतंकी धमाका करने की धमकी दी है। इसके पूर्व पिछले वर्ष 10 नवंबर को लाल किला के सामने आतंकी हमला हुआ था, जिसमें भागीरथ पैलेस के एक दुकानदार समेत कुल 15 लोगों की जान गई थी।

स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, तब भी लालकिला के सामने नेता जी सुभाष मार्ग पर रेहड़ी-पटरी वालों के अतिक्रमण के साथ अवैध रूप से वाहनों की पार्किंग थी, जिसके चलते आतंकी विस्फोट से अधिक जान-माल की हानि हुई। वहीं स्थिति कमोबेश अब भी है। जबकि, धमाके के बाद सुरक्षा मुल्यांकन में अतिक्रमण को गंभीर मानते हुए दिल्ली पुलिस तथा एमसीडी द्वारा कार्रवाई की रणनीति बनी थी।

पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठन की धमकी मिलने के बाद से भी चांदनी चौक में अतिक्रमण की स्थिति में कोई खास सुधार नहीं है। अलबत्ता, गौरी शंकर मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था जरूर बढ़ा दी गई है।

इस संबंध में चांदनी चौक सर्व व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय भार्गव ने एक्स पोस्ट में गृह मंत्रालय, पुलिस आयुक्त से आग्रह करते हुए कहा कि पिछली घटनाओं से कोई सबक नहीं लिया गया है। यह काफी चिंता की बात और मासूम लोगों की जान से खेलने वाला है। उन्होंने अतिक्रमण को तत्काल हटाने की अपील करते हुए एक्स पोस्ट में साथ में अतिक्रमण के कई वीडियो भी साझा किए।
दिल्ली पुलिस के आश्वासन के बाद मंदिर से हटाए निजी सुरक्षा गार्ड

इस बीच, गौरी शंकर मंदिर में आतंकी हमले की चेतावनी के बाद शनिवार से लगाई गई निजी सुरक्षा व्यवस्था मंगलवार से हटा दी गई है। मंदिर में आतंकी धमाके की धमकी है। उसके बाद से 15 निजी सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए थे। उसमें से कुछ हथियारबंद थे। मंदिर के प्रबंधक सुभाष गोयल ने बताया कि दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने कहा कि उसके द्वारा मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। अब मंदिर में भक्तों का प्रवेश मेटल डिटेक्टर गेट से किया जा रहा है।
अतिक्रमण से पैदल चलना भी मुश्किल

चांदनी चौक मुख्य मार्ग पर लाल जैन मंदिर से फतेहपुरी मस्जिद तक अतिक्रमण से बुरा हाल है। सैकड़ों की संख्या में रेहड़ी-पटरी वाले फुटपाथ, मुख्य मार्ग से लेकर सेंट्रल वर्ज तक पर बैठे हुए हैं। यह सड़क मोटर वाहन रहित है। तब भी अतिक्रमण के चलते पैदल आने जाने में भी पर्यटकों तथा ग्राहकों को परेशानी हो रही है। इसी तरह, जहां पिछली बार धमाका हुआ था। लालकिला की ओर से लेकर लालकिला मेट्रो स्टेशन गेट नंबर-4 के सामने सुभाष मार्ग पर अवैध रेहड़ी-पटरी वालोें के अतिक्रमण के साथ अवैध पार्किंग हो रही है, जिसके चलते दोनों ओर मात्र एक से दो लेन वाहनों को गुजरने के लिए मिल रही है। यहां के दुकानदारों के अनुसार, ऐसे में कोई विस्फोट काफी भयावह हो सकती है।
सफाई व्यवस्था भी बदहाल

यह इलाका सफाई व्यवस्था की समस्याओं से भी जूझ रहा है। पिछले वर्ष दिसंबर में निजी कंपनी के एक महीने के बाद काम छोड़ने से एमसीडी पर बोझ बढ़ गया, जिससे कूड़े के ढेर और फुटपाथों पर गंदगी की परत जम गई है। मामले के जानकारों के अनुसार, सफाई का स्तर गिरकर मात्र 15-20 प्रतिशत रह गया है, जबकि हाईकोर्ट ने निगरानी कमिटी गठित की है। स्थिति यह कि 1.3 किमी का मुख्य मार्ग पर जगह जगह कूड़ा इकट्ठा है।

यह भी पढ़ें- बीसीडी चुनाव से गंदगी का बुरा हाल, सड़क पर लगे कूड़े के ढेर; लोगों की आवाजाही में हो रही परेशानी https://www.jagranimages.com/images/womenday2_780x100.jpghttps://www.jagranimages.com/images/womendayANI2_380x100.gif
Pages: [1]
View full version: अतिक्रमण और अव्यवस्था के बीच आतंकी हमले की धमकी ने बढ़ाई चांदनी चौक की चिंता, व्यापारियों ने की सुरक्षा की मांग