विश्व चैंपियन डी गुकेश ने कहा, शतरंज मे बेईमानी की समस्या उतनी नहीं जितनी पेश की जा रही
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/25/article/image/D-Gukesh-(4)-1772034219798_m.webpविश्व चैंपियन हैं डी गुकेश। इमेज- एक्स
प्राग, पीटीआई। विश्व चैंपियन डी गुकेश ने साफ तौर पर कहा है कि शतरंज मे बेईमानी की समस्या उतनी बड़ी नहीं है जितनी उसे पेश किया जा रहा है। गुकेश आनलाइन खेल को प्रभावित करने वाले बेईमानी के खतरे के विरुद्ध रूसी ग्रैंडमास्टर ब्लादीमिर क्रामनिक की विवादास्पद मुहिम के पक्षधर भी नहीं हैं।
पूर्व विश्व चैम्पियन क्रामनिक ने अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (फिडे) पर मानहानि का मुकदमा दायर किया है, चूंकि फिडे ने अमेरिका के दिवंगत ग्रैंडमास्टर डेनियल नारोदित्स्की और चेक खिलाड़ी डेविड नवारा के खिलाफ धोखेबाजी के आरोपों के लिए उन्हें फटकारा था। नारोदित्स्की की असामयिक मौत काफी चर्चा में रही और उनका आखिरी वीडियो स्ट्रीम भी जिसमें उन्होंने क्रामनिक के आरोपों के कारण मानसिक तनाव की बात की थी।
हालांकि, हाल ही में आई एक मेडिकल रिपोर्ट में कहा गया कि उनकी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई थी। गुकेश ने प्राग अंतरराष्ट्रीय शतरंज महोत्सव के लिए आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि मैं किसी भी तरह के अनुचित खेल के विरुद्ध हूं। यह ऐसी समस्या है जो देखने में आई है। मैंने न तो कभी बेईमानी की है और उम्मीद करता हूं कि कोई ऐसा नहीं करता होगा।
उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि लोग इस समस्या को बढ़ा चढ़ाकर पेश कर रहे हैं, इतनी समस्या है नहीं। क्रामनिक के आरोपों की बात करें तो अधिकांश से मैं इत्तेफाक नहीं रखता। मुझे लगता है कि शतरंज जगत में और समरसता और शांति होनी चाहिए। इससे पहले, दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन, फिडे अध्यक्ष अर्काडी डीवोरकोविच और भारत के अर्जुन एरिगेसी तथा निहाल सरीन ने भी क्रामनिक की आलोचना की थी क्योंकि वह अपने आरोपों के पक्ष में सबूत नहीं दे सके थे।
गुकेश ने कहा कि क्रामनिक जो कर रहे हैं, मैं उसके साथ नहीं हूं । पिछले कुछ साल में बेईमानी को लेकर बहुत लोग अतिरंजित प्रतिक्रिया देते आए हैं। इस बीच सुपर टूर्नामेंट के पहले दौर में गुकेश का सामना अमेरिका के हैंस मोक नीमैन से होगा। भारत के अराविंद चिदंबरम की टक्कर उजबेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव से होगी। https://www.jagranimages.com/images/womenday2_780x100.jpghttps://www.jagranimages.com/images/womendayANI2_380x100.gif
Pages:
[1]