पाटलिपुत्र ISBT में चालकों को मिलेगी सस्ती और आधुनिक डोरमेट्री सुविधा, मार्च में होगी शुरूआत
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/25/article/image/Pataliputra-Bus-Terminal-1772041144746_m.webpपाटलिपुत्र बस टर्मिनल। फोटो जागरण
जागरण संवाददाता, पटना। राजधानी पटना के बैरिया स्थित पाटलिपुत्र अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आइएसबीटी) में बस चालकों और संवाहकों के लिए आधुनिक डोरमेट्री बनकर लगभग तैयार हो गई है।
परिवहन विभाग के अनुसार यह सुविधा मार्च से शुरू कर दी जाएगी। कम शुल्क में आराम की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराने की यह पहल सड़क सुरक्षा और चालक कल्याण की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
12-24 घंटे ठहरने की सुविधा
विभागीय जानकारी के मुताबिक, डोरमेट्री में मात्र 50 रुपये में 12 घंटे तथा 100 रुपये में 24 घंटे तक ठहरने की सुविधा मिलेगी। लंबी दूरी तय करने वाले चालकों को अब बस में ही रात गुजारने या महंगे लाज का सहारा लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इससे उनकी थकान कम होगी और यात्रियों की सुरक्षा व यात्रा की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा। डोरमेट्री में एक साथ लगभग 50 से 60 लोगों के ठहरने की क्षमता है। यहां साफ-सुथरे बिस्तर, शौचालय, स्नानघर, पेयजल तथा किचन जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
बस ड्राइवरों ने कही ये बात
मौसम के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं। बस चालक गणेश चौधरी ने बताया कि बैरिया बस स्टैंड पर अन्य सुविधाएं तो थीं, लेकिन चालकों के ठहरने की समुचित व्यवस्था नहीं थी।
डोरमेट्री बनने से यह कमी दूर होगी। वहीं चालक रिजवान शाह ने कहा कि 50 रुपये में 12 घंटे आराम की सुविधा मिलना बेहद लाभदायक है, जिससे लंबी ड्यूटी के बाद सुकून से विश्राम मिल सकेगा। https://www.jagranimages.com/images/womenday2_780x100.jpghttps://www.jagranimages.com/images/womendayANI2_380x100.gif
Pages:
[1]