cy520520 Publish time 1 hour(s) ago

मुजफ्फरपुर में स्वास्थ्य-शिक्षा-कृषि विकास पर 9.56 करोड़ रुपये होंगे खर्च, डिजिटल लाइब्रेरी-छात्रावास बनेंगे

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/26/article/image/muzaffarpur-dm-subrata-kumar-sen-1772052801350_m.webp

डीएम सुब्रत कुमार सेन (फाइल फोटो)



जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ करने के लिए जिले में नौ करोड़ 56 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। दरअसल, नीति आयोग की ओर से आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर जिला को 10 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई थी।

डीएम सुब्रत कुमार सेन द्वारा तैयार कार्य योजना एवं अनुशंसा के आलोक में नीति आयोग द्वारा 9 करोड़ 56 लाख रुपये की लागत से आठ महत्वपूर्ण विकास योजनाओं को स्वीकृति दी गई है।

इन योजनाओं के माध्यम से जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ कर विकास की गति तेज किया जाएगा जिससे गांवों की तस्वीर बदलेगी। इसी के तहत कुढ़नी प्रखंड अंतर्गत जवाहर नवोदय विद्यालय खरौनाडीह में तीन करोड़ आठ लाख तीन हजार 34 रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य किए जाएंगे। यहां बालिका छात्रावास का निर्माण, डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना, मेडिकल कक्ष का निर्माण तथा वाटर प्यूरीफायर की व्यवस्था की जाएगी।

पीएम श्री योजना अंतर्गत एक करोड़ 20 लाख 49 हजार 374 रुपये से बालिका छात्रावास का निर्माण किया जाएगा। सूचना प्रौद्योगिकी और संचार क्रांति के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए एक करोड़ 44 लाख 29 हजार 299 रुपये से डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण होगा, जिससे छात्रों को ई-लर्निंग और आनलाइन संसाधनों की सुविधा मिल सकेगी।

इसके अतिरिक्त 28 लाख 29 हजार 381 रुपये की लागत से मेडिकल कक्ष का निर्माण किया जाएगा। ताकि बच्चों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं विद्यालय परिसर में ही उपलब्ध हो सकें। बच्चों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 14 लाख 95 हजार रुपये की लागत से 13 आरओ प्यूरीफायर स्थापित किए जाएंगे।
केजीबी में 4.70 करोड़ से कंप्यूटर कक्ष, पुस्तकालय एवं बहुद्देशीय हाल की व्यवस्था

ग्रामीण क्षेत्र के कमजोर वर्ग की वंचित बच्चियां को नि:शुल्क आवासीय एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में चार करोड़ 70 लाख की लागत से बहुद्देशीय हाल, पुस्तकालय सह कंप्यूटर कक्ष का निर्माण किया जाएगा। यह कार्य बोचहां, गायघाट ,कटरा, कुढ़नी, मड़वन, मुरौल, मुशहरी एवं साहेबगंज में किया जाएगा। इसके अलावा जिले के 50 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों को आवश्यक दवाओं, जांच उपकरणों, प्रसव संबंधी सामग्री और जीवन रक्षक संसाधनों से सुसज्जित किया जाएगा।

ग्रामीण महिलाओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सदर, पारू, मुरौल, मीनापुर, औराई, कुढ़नी एवं गायघाट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में फर्स्ट रेफरल यूनिट (एफआरयू) के रूप में 24×7 प्रसूति सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इन केंद्रों में सिजेरियन डिलीवरी की सुविधा भी प्रारंभ की जाएगी। अत्याधुनिक आपरेशन थिएटर, प्रसव कक्ष, जीवन रक्षक उपकरण, ब्लड स्टोरेज यूनिट तथा नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए विशेष इकाई स्थापित की जाएगी।
95 लाख एक हजार मीट्रिक टन के वेयरहाउस का होगा निर्माण

मुशहरी प्रखंड अंतर्गत कन्हौली विशुनदत्त पंचायत के हरपुर बखरी गांव में कृषि उत्पादों के सुरक्षित भंडारण के लिए एक हजार मीट्रिक टन क्षमता वाले आधुनिक वेयरहाउस का निर्माण 95 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा।
लीची का मूल्य संवर्धन, बनी कार्ययोजना

बताया गया कि मुजफ्फरपुर की लीची विश्वविख्यात है, और समर्पण जीविका महिला किसान प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड ने इस पहचान को बाजार में बेहतर मूल्य दिलाने का मिशन बनाया है। कंपनी 226 अंशधारक किसानों के साथ लीची फसल पर विशेष कार्य कर रही है। फसल से पहले पोषण एवं रोग प्रबंधन पर प्रशिक्षण दिया जाता है और आवश्यक खाद एवं दवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

सुबह चार बजे से लीची की तुड़ाई, ग्रेडिंग और पैकेजिंग कर उसे पंजीकृत खरीदारों की मांग के अनुसार भेजा जाता है। कंपनी के खरीदारों में रिलायंस रिटेल, बिग बास्केट और फ्रेश पिक्स जैसे बड़े नाम शामिल हैं। एयर कार्गो के माध्यम से लीची को मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे महानगरों में समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाता है। इसके लिए कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। इस कार्य पर भी राशि खर्च किए जाएंगे।https://www.jagranimages.com/images/womenday2_780x100.jpghttps://www.jagranimages.com/images/womendayANI2_380x100.gif
Pages: [1]
View full version: मुजफ्फरपुर में स्वास्थ्य-शिक्षा-कृषि विकास पर 9.56 करोड़ रुपये होंगे खर्च, डिजिटल लाइब्रेरी-छात्रावास बनेंगे