AMU में इंजीनियरिंग कालेज से लेकर प्रॉक्टर कार्यालय तक हंगामा, छात्र अपनी मांगों पर ही अड़े
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/26/article/image/AMU-Student-Protest-1772093347586_m.webpAMU में प्रॉक्टर कार्यालय का घेराव करते छात्र।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) के इंजीनियरिंग कालेज के सामने छात्रों ने तीसरे दिन भी हंगामा किया। कम उपस्थिति पर परिणाम रोके जाने से नाराज छात्रों के समर्थन में इंजीनियरिंग अंतिम वर्ष के छात्रों ने परीक्षा का बहिष्कार किया।
छात्रों ने कालेज के गेट के पास ही बैठक कर धरना दिया। कुछ छात्रों को जबरन रोकने के जाने पर प्राॅक्टोरियल टीम की उनसे तीखी झड़प हुई। बातचीत से मामला नहीं सुलझा तो चार छात्रों को एंबुलेंस में डालकर प्राॅक्टर कार्यालय ले गए। अन्य छात्रों को वहां से भगा दिया गया।
छात्रों को छुड़वाने के लिए अन्य छात्र प्राॅक्टर कार्यालय पहुंच गए। वहां जमकर हंगामा किया। इसके बाद सभी छात्रों को छोड़ दिया गया। इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष के कई छात्रों का कम उपस्थिति के चलते परिणाम जारी नहीं किया गया है।
यूनिवर्सिटी प्रशासन का कहना है कि इनमें अधिकांश ऐसे छात्र हैं, जिनकी जीरो प्रतिशत उपस्थिति है। वहीं, छात्र इसके पीछे अपने-अपने तर्क दे रहे हैं। इंजीनियरिंग कालेज में चल रही सेशन परीक्षाओं का छात्र विरोध कर रहे हैं।
सोमवार को उन्होंने कालेज का गेट बंद कर दिया था, इसके चलते परीक्षा नहीं हो सकी। मंगलवार को भी छात्रों ने प्रदर्शन किया। बुधवार को भी छात्र सुबह ही कालेज के गेट पर पहुंच गए। कई कक्षाओं के छात्र उनके समर्थन में परीक्षा भी देने नहीं गए।
कुछ छात्रों को परीक्षा से रोका भी गया। इसके चलते ही हंगामा हो गया। प्राॅक्टोरियल टीम ने धरना दे रहे छात्रों को खदेड़ना शुरू कर दिया।
प्राॅक्टर कार्यालय के बाहर नारेबाजी
छात्रों को ले जाने के बाद बड़ी संख्या में छात्र प्राॅक्टर कार्यालय पहुंच गए। छात्रों के पहुंचने से पहले ही सुरक्षा बलों ने मुख्य गेट बंद कर लिया। छात्रों ने गेट के बाहर प्राॅक्टर के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रों का कहना था कि अराजकता हो रही है। छात्रों की कोई सुन ही नहीं रहा है।
वीडियो बना रहे छात्रों को भी उठा ले गए
इंजीनियरिंग कालेज के बाहर छात्रों के खिलाफ कार्रवाई कर रही प्राॅक्टोरियल टीम का एक छात्र वीडियो बना रहा था। प्राॅक्टर की नजर उस पर पड़ी तो उसे भी गाड़ी में बिठाकर कार्यालय ले जाया गया। जाने से पहले छात्र ने खूब विरोध किया।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों में प्रोफेसरों के पुत्र भी
तीन दिन से इंजीनियरिंग कालेज के बाहर चल रहे हंगामा एएमयू के कुछ प्रोफेसरों के पुत्र भी हैं। कम उपस्थिति के चलते उनका भी परिणाम रोका गया है।
जो छात्र अपनी इच्छा से परीक्षा देने नहीं गए, उनसे हमने कुछ नहीं किया। जिनको जबरन रोका गया, वह गलत था। परीक्षा से जबरन छात्रों को रोक रहे छात्रों को ही प्राॅक्टर कार्यालय ले जाया गया।
उनके स्वजन से बात कराई तो वह भी हैरान थे। कुछ को वीडियो काल भी की। इसके बाद छात्रों को समझाकर छोड़ दिया गया।
प्रो. नवेद खान, प्राॅक्टर एएमयू
https://www.jagranimages.com/images/womenday2_780x100.jpghttps://www.jagranimages.com/images/womendayANI2_380x100.gif
Pages:
[1]