Chikheang Publish time 2026-2-26 16:58:02

उत्तराखंड: CM धामी ने किया नयार वैली फेस्टिवल का उद्घाटन, पर्यटन व रोजगार को नई गति का भरोसा

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/26/article/image/Nayar-Valley-Festival-1772106356169_m.webp

जनपद पौड़ी गढ़वाल के बिलखेत में आयोजित नयार वैली फेस्टिवल का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उद्घाटन किया।



जागरण संवाददाता कोटद्वार (पौड़ी)। जनपद पौड़ी गढ़वाल के बिलखेत में गुरुवार को आयोजित नयार वैली फेस्टिवल का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन नयार घाटी की पर्यटन, संस्कृति और साहसिक गतिविधियों की अपार संभावनाओं को नई पहचान देगा तथा स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ाएगा।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने सहित विभिन्न धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास कार्यों की घोषणा की।

उन्होंने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति जानी और लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट, दिव्यांग उपकरण वितरित किए तथा महिला समूहों और स्थानीय नागरिकों से संवाद किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पैराग्लाइडिंग, पैरामोटरिंग, हॉट एयर बैलून, माउंटेन बाइकिंग, कयाकिंग, एंगलिंग, जिपलाइन, बर्मा ब्रिज, रिवर बंजी जैसी साहसिक गतिविधियों का फ्लैग ऑफ कर शुभारंभ किया।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार अंत्योदय की भावना से सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार सुविधाओं को मजबूत करने पर कार्य कर रही है।

उन्होंने जनपद में चल रही विभिन्न परियोजनाओं जैसे श्रीनगर में एनआईटी निर्माण, खोह नदी के लिए सीवरेज प्लांट, कोटद्वार में वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट, पुल निर्माण तथा पर्यटन से जुड़ी योजनाओं का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत प्रशासन की टीमें न्याय पंचायत स्तर तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रही हैं और योजनाओं का लाभ सीधे घर-घर पहुंचाया जा रहा है।

कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि नयार वैली फेस्टिवल उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एडवेंचर पर्यटन गंतव्य बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

विधायक राजकुमार पोरी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि यह महोत्सव पौड़ी को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान देगा। कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। https://www.jagranimages.com/images/womenday2_780x100.jpghttps://www.jagranimages.com/images/womendayANI2_380x100.gif
Pages: [1]
View full version: उत्तराखंड: CM धामी ने किया नयार वैली फेस्टिवल का उद्घाटन, पर्यटन व रोजगार को नई गति का भरोसा