जालंधर में विजिलेंस का बड़ा एक्शन, FCI की टेक्निकल असिस्टेंट 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/26/article/image/bribe-case-1772110306007_m.webpएफसीआई की टेक्निकल असिस्टेंट 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, जालंधर। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने एफसीआई कार्यालय, भोगपुर (जिला जालंधर) में तैनात टेक्निकल असिस्टेंट रुही बाला कालिया को 20,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
विजिलेंस ने यह कार्रवाई गुरु तेग बहादुर राइस मिल, नंगल फिदा (सब-तहसील भोगपुर, जिला जालंधर) के मैनेजर की शिकायत के आधार पर की गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि वर्ष 2025-26 की खरीद सीजन के दौरान उसकी राइस मिल को 49,086 धान की बोरियां आवंटित की गई थीं।
इनमें से 1,160 चावल की बोरियों (दो खेप, प्रत्येक में 580 बोरियां) की खेप एफसीआई को भेजी जानी बाकी थी।शिकायत में कहा गया कि उक्त दोनों खेप को एफसीआई के भोगपुर गोदाम में भेज दिया गया था।
इसके बाद टेक्निकल असिस्टेंट रुही बाला कालिया ने इन खेपों को क्लियर करने के बदले 25,000 रुपये की रिश्वत की मांग की। यह मांग शिकायतकर्ता के मुनीम आदर्श कुमार के मोबाइल फोन पर हुई बातचीत के दौरान की गई थी।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित पहले भी शिकायतकर्ता से 50,000 रुपये की अवैध राशि लेकर उसकी पूर्व खेपों को क्लियर कर चुकी थी। इस बार खेप रद्द होने के डर से शिकायतकर्ता ने मजबूरी में रिश्वत देने की सहमति जताई।
हालांकि उसकी गुजारिश पर आरोपी 20,000 रुपये लेने के लिए तैयार हो गई। रिश्वत की मांग से जुड़ी पूरी बातचीत शिकायतकर्ता ने रिकार्ड कर ली थी। रिश्वत मांगे जाने पर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो, यूनिट कपूरथला से संपर्क कर शिकायत दर्ज करवाई।
शिकायत की पुष्टि के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपित को 20,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इस संबंध में विजिलेंस ब्यूरो थाना जालंधर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपित से पूछताछ जारी है और मामले की आगे की जांच की जा रही है। https://www.jagranimages.com/images/womenday2_780x100.jpghttps://www.jagranimages.com/images/womendayANI2_380x100.gif
Pages:
[1]