cy520520 Publish time 2026-2-26 18:27:49

प्रधानाध्यापक को तबादले की मांग को लेकर स्कूल में तालाबंदी, बरामदे में जमीन पर बैठकर बच्चों ने की पढ़ाई

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/26/article/image/begusarai-school-1772111222972_m.webp

बरामदे में जमीन पर बैठकर बच्चों ने की पढ़ाई



संवाद सूत्र, वीरपुर (बेगूसराय)। प्रखंड की गेन्हरपुर पंचायत स्थित नवीन प्राथमिक विद्यालय, बिचला टोल खरमौली में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन भी तालाबंदी जारी रही। हालांकि विद्यालय कक्ष पर ताला लगा रहने के बावजूद शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं होने दी और बरामदे में ही पठन-पाठन कराया।

कमरे में ताला बंद रहने से सभी शैक्षणिक सामान एवं अभिलेख कार्यालय में ही बंद रहे। ऐसे में शिक्षक स्वयं फर्श पर बैठकर बच्चों को पढ़ाते दिखे, जबकि बच्चे भी बरामदे की जमीन पर बैठकर पढ़ाई करते रहे। इस दौरान उपस्थिति कापी में बच्चों की हाजिरी भी ली गई।

विद्यालय में कुल पांच शिक्षक मिथिलेश कुमार, बिट्टू कुमार, शाहिदा परवीन, चंद्रकांत एवं श्वेता कुमारी ने तालाबंदी के बीच शिक्षण कार्य जारी रखा। कुल नामांकित 92 छात्रों में से 40 बच्चे गुरुवार को उपस्थित हुए। वहीं शिक्षकों ने एप से उपस्थिति बनाई।
वैकल्पिक व्यवस्था से चला एमडीएम

विद्यालय का कमरा बंद रहने से एमडीएम संचालन में भी परेशानी हुई। थाली कमरे में बंद रहने से बच्चों को पत्तल पर भोजन कराया गया। बावजूद इसके बच्चों ने मध्यान्ह भोजन का आनंद लिया।
एचएम की तबादले की मांग पर अड़े ग्रामीण

स्थानीय ग्रामीण सह भूमिदाता चानो महतो, विद्यालय सचिव गुड़िया देवी, रंजीत कुमार एवं सुजीत कुमार आदि ग्रामीणों का कहना है कि जब तक एचएम कंचन कुमारी का तबादला नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वर्तमान एचएम को तत्काल हटाकर किसी योग्य एचएम की पोस्टिंग की जाए। ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए एचएम गुरुवार को विद्यालय नहीं पहुंचीं। मामले को लेकर एचएम ने महिला थाना में आवेदन दिया है।

आवेदन के आलोक में महिला थाना की पुलिस विद्यालय पहुंचकर स्थानीय लोगों से पूछताछ की। अब देखना है कि शिक्षा विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और कब तक विद्यालय की स्थिति सामान्य होती है। https://www.jagranimages.com/images/womenday2_780x100.jpghttps://www.jagranimages.com/images/womendayANI2_380x100.gif
Pages: [1]
View full version: प्रधानाध्यापक को तबादले की मांग को लेकर स्कूल में तालाबंदी, बरामदे में जमीन पर बैठकर बच्चों ने की पढ़ाई