deltin55 Publish time 1970-1-1 05:00:00

मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 16 राज्यों तक पहुंचा; ...


नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने शुरुआती धीमी गति के बाद अब तेजी पकड़ ली है। 4 जून को केरल में दस्तक देने वाला मानसून अब तक 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पहुंच चुका है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों में मानसून के उत्तरी बंगाल तक पहुंचने की संभावना है। वहीं, 11 जून से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद दिल्ली-एनसीआर, उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार सहित पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो सकता है।




दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में झमाझम बारिश

आईएमडी के मुताबिक मानसून फिलहाल केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर के सभी सात राज्यों तक पहुंच चुका है। आने वाले दिनों में इसके छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के अन्य हिस्सों तक आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय के कई इलाकों में 12 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। वहीं कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, केरल, तटीय कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई क्षेत्रों में 7 से 11 सेंटीमीटर तक वर्षा हुई।




उत्तर भारत में गर्मी का कहर जारी

मानसून की प्रगति के बावजूद उत्तर भारत में भीषण गर्मी और उमस बनी हुई है। राजस्थान का श्रीगंगानगर सोमवार को देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के रोहतक में तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
दिल्ली में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि उत्तर प्रदेश के फतेहगढ़ में 44.8 और वाराणसी में 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। पंजाब के पटियाला और झारखंड के डाल्टनगंज में भी लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा।




मध्य और पूर्वी भारत में तूफान और भारी बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में अगले कुछ दिनों तक मौसम अस्थिर बना रहेगा। मौसम विभाग ने 10 और 11 जून को मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं 12 जून तक गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।
बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी अगले एक सप्ताह तक मौसम सक्रिय रहेगा। बिहार में 10 से 12 जून के बीच भारी बारिश और 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने निचले इलाकों में जलभराव और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।




https://www.deshbandhu.co.in/images/authorplaceholder.jpg
National Desk



weather newsWeather UpdateWeather Forecastaaj ka mausam









Next Story
Pages: [1]
View full version: मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 16 राज्यों तक पहुंचा; ...