deltin55 Publish time 1970-1-1 05:00:00

मुंबई में बारिश का कहर: चॉल ढही, पेड़ और ग्रि ...


मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। रविवार को हुई तेज बारिश के बीच अलग-अलग हादसों में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। सबसे बड़ा हादसा मानखुर्द इलाके में हुआ, जहां एक तीन मंजिला चॉल का हिस्सा भरभराकर गिर गया। इस दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।
इसके अलावा पेड़ गिरने और इमारत की ग्रिल टूटकर गिरने की अलग-अलग घटनाओं में दो अन्य लोगों की जान चली गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।




मानखुर्द में चॉल गिरने से छह लोगों की मौत

भारी बारिश के बीच रविवार रात करीब 8:30 बजे मानखुर्द के मंडाला इलाके में हनुमान मंदिर के पीछे स्थित जनता नगर की तीन मंजिला चॉल अचानक ढह गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी), पुलिस और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
अधिकारियों के अनुसार मलबे से कई लोगों को बाहर निकाला गया। चार महिलाओं और दो पुरुषों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक घायल का उपचार जारी है, जबकि आशंका जताई जा रही है कि मलबे में अभी भी एक व्यक्ति फंसा हो सकता है। राहत अभियान देर रात तक जारी रहा।




ग्रिल गिरने से युवक की मौत

नवी मुंबई में भी बारिश के दौरान बड़ा हादसा हुआ। शाम करीब 6:30 बजे एक इमारत की बाहरी लोहे की ग्रिल टूटकर फुटपाथ पर गिर गई। उसी समय वहां से गुजर रहा एक युवक इसकी चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि संबंधित इमारत को पहले ही स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने का नोटिस जारी किया गया था, लेकिन भवन स्वामी ने समय पर आवश्यक कार्रवाई नहीं की।
पेड़ गिरने की घटनाएं बनीं जानलेवा





लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण शहर में पेड़ गिरने की घटनाएं भी बढ़ गई हैं। कुर्ला पश्चिम के नौपाड़ा इलाके में एक विशाल पेड़ दुकान पर गिर गया, जिससे 63 वर्षीय यूनुस कुंदावाला की मौत हो गई।
बीते कुछ दिनों में यह तीसरी बड़ी घटना है। इससे पहले गोरेगांव में बाइक सवार युवक की पेड़ की शाखा गिरने से मौत हुई थी, जबकि चेंबूर में स्कूल बस पर पेड़ गिरने से एक छात्र की जान चली गई थी।
बारिश से शहर की रफ्तार थमी





रविवार सुबह से रात तक दक्षिण मुंबई में 51 मिमी, पूर्वी उपनगरों में 72 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 71 मिमी वर्षा दर्ज की गई। शाम होते-होते बारिश की तीव्रता और बढ़ गई, जिससे कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया। कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित रहा और लोगों को घंटों जाम का सामना करना पड़ा।
खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा कारणों से लगभग एक घंटे तक उड़ानों का संचालन अस्थायी रूप से रोकना पड़ा, जिससे कई उड़ानें प्रभावित हुईं।

IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों के दौरान मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है।
वहीं बीएमसी के अनुसार, रविवार को पेड़ या शाखाएं गिरने की 203 शिकायतें, शॉर्ट सर्किट की आठ घटनाएं और मकान या दीवार गिरने की 15 शिकायतें दर्ज की गईं। प्रशासन ने नागरिकों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।




https://www.deshbandhu.co.in/images/authorplaceholder.jpg
National Desk



Mumbai RainMumbai Heavy RainMumbai WeatherIMD Red AlertMumbai Chawl Collapse









Next Story
Pages: [1]
View full version: मुंबई में बारिश का कहर: चॉल ढही, पेड़ और ग्रि ...