deltin55 Publish time 1970-1-1 05:00:00

'पात्र लाभार्थियों तक बिना देरी पहुंचे सरका ...


चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसफ विजय ने बुधवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीण विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र लोगों तक बिना किसी देरी के पहुंचाया जाए। साथ ही उन्होंने शहरी क्षेत्रों के आसपास स्थित पंचायतों में बुनियादी ढांचे के विकास कार्यों में तेजी लाने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने सचिवालय में ग्रामीण विकास विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की लगातार निगरानी करने और लाभ पहुंचाने में होने वाली देरी को खत्म करने के निर्देश दिए।




10 मई को तमिलनाडु के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभालने के बाद से विजय विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठकें कर रहे हैं। इसका उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाना और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री राज्य प्रशासन के दैनिक कार्यों की निगरानी के साथ-साथ वित्त वर्ष 2026-27 के राज्य बजट की तैयारियों पर भी नजर रख रहे हैं। इसके लिए वह विभिन्न विभागों के मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नियमित बैठकें कर रहे हैं।




बुधवार की बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को राज्यभर में चल रही ग्रामीण विकास योजनाओं, आधारभूत ढांचा परियोजनाओं और कल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि सरकार की हर योजना गांवों में रहने वाले लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचनी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से तेजी से विकसित हो रहे शहरी क्षेत्रों के आसपास स्थित पंचायतों में सड़क संपर्क बेहतर बनाने पर ध्यान देने के निर्देश दिए।




उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क और परिवहन व्यवस्था से आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, लोगों को सार्वजनिक सेवाओं तक आसानी से पहुंच मिलेगी और तेजी से विकसित हो रहे ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन स्तर में सुधार होगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र लाभार्थियों तक बिना किसी भेदभाव और अनावश्यक देरी के पहुंचना चाहिए।
उन्होंने ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में सामने आ रही कमियों की पहचान कर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।




मुख्यमंत्री ने विभाग को नियमित रूप से जमीनी स्तर पर निरीक्षण करने के लिए कहा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सरकारी योजनाएं प्रभावी ढंग से लागू हो रही हैं।
अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि सभी लाभ निर्धारित समय सीमा के भीतर पात्र लोगों तक पहुंचें और किसी भी प्रशासनिक लापरवाही के कारण कोई व्यक्ति सरकारी सहायता से वंचित न रहे।
विजय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के संतुलित विकास और गांवों में जीवन स्तर बेहतर बनाने के लिए योजनाओं की प्रभावी निगरानी और समयबद्ध क्रियान्वयन बेहद जरूरी है।
उन्होंने अधिकारियों से सभी चल रही परियोजनाओं पर लगातार नजर रखने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि सरकारी पहल का वास्तविक लाभ तमिलनाडु के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक पहुंचे।




https://www.deshbandhu.co.in/images/authorplaceholder.jpg
Deshbandhu



political newstamilnadu newsCM Vijaya









Next Story
Pages: [1]
View full version: 'पात्र लाभार्थियों तक बिना देरी पहुंचे सरका ...