ठंड को लेकर माैसम विभाग ने जारी की चेतावनी।
जागरण संवाददाता, धनबाद। आधी जनवरी गुजरने के बाद भी ठंड के तेवर कम नहीं हुए हैं। सुबह देर तक छा रहे रहे कोहरे ने दिनचर्या बदल दी है तो शाम में बर्फीली हवाएं हाड़ कंपा रही हैं। मौसम लगातार सर्द बना हुआ है।
मकर संक्रांति के बाद ठंड से राहत की उम्मीदों पर मौसम विभाग ने विराम लगा दिया है। मौसम केंद्र रांची से जारी अगले पखवाड़े के पूर्वानुमान में तापमान में भारी गिरावट का अनुमान जताया गया है।
16 से 22 जनवरी के बीच राज्य में कहीं-कहीं न्यूनतम तापमान दो से 12 डिग्री तथा 23 से 29 जनवरी के दौरान चार से 14 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। धनबाद में भी इसका असर दिखेगा।
हिमालय से आनेवाली सर्द हवाओं का प्रभाव
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों के दौरान दक्षिण भारत में मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं। दक्षिण में मानसून के बादलों की आवाजाही से ठंड का असर कम रहता है। मानसून की विदाई होने से हिमालय से आनेवाली सर्द हवाओं का प्रभाव अधिक होगा।
दूसरी ओर, शुक्रवार से पांच दिनों तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड में बर्फबारी होने के आसार हैं। पहाड़ों पर हिमपात के कारण राज्य में अगले दो-तीन दिन शीत लहर से गंभीर शीतलहर की स्थिति बने रहने की संभावना है।
19 से सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ
उत्तर पश्चिम से आ रही सर्द हवाओं ने शहर का मौसम बेहद सर्द कर दिया है। अगले दो दिन ठिठुरन से राहत नहीं मिलेगी। 19 से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होगी। हालांकि रात में कनकनी बरकरार रह सकती है।
151 वर्ष का हुआ माैसम विभाग
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की सेवा के सफलतम 151 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को मौसम केंद्र, रांची में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मौसम विभाग की ओर से दी जा रही अहम सेवाओं और उसके सामाजिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम के दौरान मौसम केंद्र, रांची द्वारा मौसम पूर्वानुमान, भारी बारिश, ओलावृष्टि, ठंड और गर्मी की लहर, धूल भरी आंधी, नॉरवेस्टर, बर्फबारी और उष्णकटिबंधीय चक्रवातों से संबंधित चेतावनी सेवाओं की जानकारी दी गई। साथ ही विमानन, कृषि, सिंचाई, नौवहन और अपतटीय तेल अन्वेषण जैसे क्षेत्रों के लिए मौसम विभाग द्वारा दी जा रही पूर्वानुमान एवं चेतावनी सेवाओं के सफल संचालन पर भी चर्चा की गई।
मौके पर वैज्ञानिक-डी एवं केंद्र प्रमुख अभिषेक आनंद ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से सुरेन्द्र नाथ सेंटेनरी विद्यालय से आए लगभग 50 विद्यार्थियों को मौसम केंद्र के विभिन्न क्रियाकलापों से अवगत कराया।
उन्होंने विभाग के प्रमुख मोबाइल एप्लिकेशन दामिनी, सचेत, मेघदूत और मौसम की जानकारी दी तथा इनके उपयोग के लिए छात्रों को प्रेरित किया। विद्यार्थियों को स्वचालित मौसम संयंत्र, रेडियो सोंडे सहित अन्य मौसमीय उपकरणों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कराया गया।
सतही प्रेक्षण वेधशाला का भ्रमण कराकर विभाग की कार्य-पद्धति से भी उन्हें परिचित कराया गया। बच्चों की उत्सुकता को देखते हुए एक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस कार्यक्रम में शहर के आम नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर रुचि दिखाई। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम का व्यापक कवरेज किया।
उल्लेखनीय है कि IMD के 151 वर्ष पूरे होने पर मुख्य समारोह नई दिल्ली स्थित मुख्यालय में आयोजित किया गया, जहां विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। |
|