जागरण संवादताता, कानपुर। Kanpur Airport Flight Schedule: बेंगलुरु की फ्लाइट की नियमित सुविधा शहरियों को सिर्फ 36 दिन ही मिल सकी। शुक्रवार से फिर यह फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन ही कर दी गई। इस कारण शुक्रवार को यह फ्लाइट नहीं आ सकी। अब पहले की तरह इस फ्लाइट की सुविधा सप्ताह में मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को तीन दिन ही मिल सकेगी।
इस तरह कोलकाता समेत अन्य शहरों के लिए फ्लाइट की सुविधा जल्द मिलने के दावों के बीच शहरियों की हवाई यातायात की सुविधा में और कटौती कर दी गई है। शहर से अब दिल्ली और मुंबई की फ्लाइट ही नियमित रह गई हैं। हैदराबाद की उड़ान की सुविधा सप्ताह में चार दिन सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को मिलती है।
लंबे समय से शहरी बेंगलुरु की फ्लाइट की नियमित सुविधा की मांग कर रहे थे। क्रू की कमी और चेक इन सिस्टम में आई तकनीकी समस्या से उड़ानों के निरस्त होने और देरी से आने व जाने की दिक्कत के बीच इंडिगो ने शहरियों को बेंगलुरु की फ्लाइट 10 दिसंबर से नियमित की थी। इसका शेड्यूल सात दिसंबर को जारी किया गया था। उसके मुताबिक बेंगलुरु की फ्लाइट की सुविधा सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को चार दिन और बढ़ाई गई थी। एयरपोर्ट निदेशक प्रदीप यादव ने बताया कि बेंगलुरु की फ्लाइट की सुविधा अब यह सुविधा तीन दिन ही मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को मिलेगी। इस फ्लाइट के आने का समय 12:20 और जाने का समय 1:25 रहेगा।
लोड भरपूर था, बंद करने की वजह पता नहीं
इंडिगो ने बेंगलुरु की फ्लाइट की सुविधा फिर से तीन दिन ही करने की वजह स्पष्ट नहीं की है। हालांकि शहर से यात्रियों का भरपूर लोड मिल रहा था। विमानन कंपनी कभी 180 सीटर तो कभी 230 सीटर विमान संचालित करती है। अगर इस सप्ताह का यात्री लोड देखा जाए तो भरपूर लोड रहा है। सोमवार को बेंगलुरु से 107 यात्री आए और 152 गए। मंगलवार को आने वाले यात्रियों की संख्या 182 व जाने वालों की 198 रही। बुधवार को 144 आए और 140 गए, गुरुवार को आने वालों की संख्या 206 और जाने वालों की संख्या 199 रही।
नई उड़ाने मिल नहीं रहीं, जो हैं उनमें भी कटौती
औद्योगिक राजधानी कहे जाने वाले अपने शहर से लगातार प्रमुख शहरों को नई फ्लाइट की मांग उठती रही है। विभिन्न कारणों से यहां से शुरू हुई फ्लाइट चालू होने के साथ बंद भी होती रही हैं। 1970 में एयरफोर्स के अधीन बने चकेरी स्थित एयरपोर्ट से पहली हवाई यात्रा सेवा की शुरुआत हुई थी। यहां से पहली फ्लाइट दिल्ली के लिए चली थी। इसके बाद से अब तक कई बार फ्लाइट चालू और बंद हुई। मई 2023 में 150 करोड की लागत से अहिरवां चकेरी में बने नए टर्मिनल भवन का लोकार्पण हुआ था। इसके बाद यहां से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु की हवाई यात्रा की शुरुआत हुई थी। नया टर्मिनल बनने से लोगों को लगा कि अब विमानन कंपनियां और भी शहरों के लिए हवाई यात्रा की सुविधा शुरू करेंगी। इसी बीच 2024 के पहले माह जनवरी में ही बेंगलुरु की उड़ान बंद कर दी गई थी। अब फिर बेंगलुरु की उड़ान में कटौती कर दी गई।
हैदराबाद की फ्लाइट 54 मिनट देरी से आई
शुक्रवार को हैदराबाद की फ्लाइट 54 मिनट और मुंबई की 36 मिनट देरी से आई। हैदराबाद की फ्लाइट 12:45 बजे आकर दोपहर में 1:30 बजे जाती है। यह फ्लाइट 115 यात्री लेकर दोपहर 1:39 बजे आई और 173 यात्री लेकर 1:41 बजे गई। दिल्ली की फ्लाइट के आने का समय दोपहर दो बजे और जाने का 2:40 बजे है। यह फ्लाइट दिल्ली से 142 यात्री लेकर दोपहर 1:53 बजे आई और 171 यात्री लेकर वापस 2:40 बजे गई। मुंबई की फ्लाइट दोपहर 2:35 बजे के बजाय 1:11 बजे 150 यात्री लेकर आई। यहां से 3:15 के बजाय 3:39 बजे 168 यात्री लेकर गई।
यह भी पढ़ें- कानपुर में इन जगहों पर हो रही अवैध प्लाटिंग, ध्वस्त करने पहुंची KDA टीम
यह भी पढ़ें- कानपुर में KDA कराएगा 37 करोड़ से विकास कार्य, इस क्षेत्र में लगेंगी आठ सौ लाइटें, फिर होगा ये भी काम
यह भी पढ़ें- Kanpur Mandi Bhav Today: 16 जनवरी 2026 का मंडी भाव, गेहूं, दाल और सोने के ताजा रेट, देखें एक क्लिक में
यह भी पढ़ें- बेटी की गवाही से पिता के हत्यारों को उम्रैकद, मां और उसके प्रेमी ने जहर देकर कर दी थी हत्या |
|