संवाद सूत्र, बछरावां (रायबरेली)। शारदा नहर में बछरावां से रायबरेली की ओर बहते हुए कई गोवंशी शव को देख अफरा तफरी मच गई। जानकारी होते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों समेत हिंदू संगठनों के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने आक्रोश जताते हुए मामले की गंभीरता से जांच कराए जाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इंदिरा नहर के किनारे मौजूद लोगों ने देखा कि नहर के पानी में बड़ी संख्या में मवेशी बहते चले आ रहे हैं।
देखते ही देखते यह खबर आसपास के गांवों और कस्बों में फैल गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। बजरंग दल जिला सह संयोजक राजू रावत ने बताया कि नहर में रामपुर पुल के पास कई घंटों तक मवेशियों के शव बहने का सिलसिला जारी रहा। इनमें गोवंशी के साथ ही भैंस, बकरी, कुत्ते के शव शामिल हैं। कई क्षत विक्षत शव बोरियों में भरी हुई हैं, जिनसे काफी देर दुर्गंध आ रही है।
कहां से बह कर आ रहे शव?
ये शव कहां से बहकर आ रहे हैं, अभी इसकी जानकारी नहीं हैं। राजू रावत ने बताया कि मामले की सूचना स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है, यदि प्रशासन इसकी गंभीरता से जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई नहीं करता तो संगठन के कार्यकर्ता बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
यह भी पढ़ें- 84 कोसी परिक्रमा रोड से मिलेगा \“संजय पुल\“ का विकल्प, भूमि अधिग्रहण पूरा, प्रोजेक्ट में खर्च होंगे 1192 करोड़
थानाध्यक्ष श्याम कुमार पाल का कहना है कि शवों के अवशेष काफी पुराने लग रहे हैं। ये नहर में कहां और कैसे आए, इसको लेकर जांच की जा रही है। |