तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। संदिग्ध परिस्थिति में युवक की मौत के मामले में आखिरकार चिलुआताल पुलिस ने दो लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। स्वजन का आरोप है कि रुपये के लेनदेन को लेकर साजिशन हत्या की गई थी, लेकिन शुरुआती दौर में मामला दर्ज नहीं किया गया। चार माह तक थाने का चक्कर लगाते रहे। फिर, मुख्यमंत्री जनता दर्शन में प्रार्थना पत्र देने के बाद पुलिस हरकत में आई।
गुलरिहा थाना के जंगल अयोध्या प्रसाद चौहान टोला निवासी अनिकेत चार नवंबर 2025 को अपनी बुआ शारदा और उनके पुत्र गणेश को बस्ती जिले के दुबौलिया थाना, चिलमा दामोदरपुर छोड़ने गया था। अनिकेत गांव के दीपक प्रसाद की बोलेरो से उन्हें लेकर निकला था। रास्ते में गांव का सुशील भी गाड़ी में बैठ गया। शाम चार बजे तीनों बस्ती से लौटे, लेकिन रात आठ बजे तक अनिकेत घर नहीं पहुंचा।
मोबाइल बंद मिलने पर स्वजन चिंतित हो उठे। अगली सुबह सुशील अनिकेत का मोबाइल फोन व जैकेट लेकर घर पहुंचा और बताया कि रास्ते में गाड़ी रुकने पर वह कूदकर भाग गया। आशंका होने पर स्वजन उसे लेकर चिलुआताल थाना के महुआ क्रासिंग ले गए।
यह भी पढ़ें- होली पर गोरखपुर में भगवान नरसिंह शोभायात्रा में शामिल होंगे CM योगी, लोग उत्साहित
जहां पता चला कि पुलिस एक अज्ञात युवक का शव बरामद कर चुकी है। शव की पहचान अनिकेत के रूप में हुई। इसी बीच स्वजन को पता चला कि सुशील ने अनिकेत से एक लाख रुपये उधार लिए थे। रकम वापसी को लेकर दबाव बनाया जा रहा था। इसके बाद स्वजन हत्या की आशंका जतातेह हुए थाने पर कार्रवाई की मांग की।
आरोप है कि पुलिस केस न दर्ज करते हुए पीड़ित पक्ष को दौड़ाते रही। 15 फरवरी 2026 को अनिकेत के चाचा दीनानाथ ने मुख्यमंत्री जनता दर्शन में गुहार लगाई, जिसके बाद पुलिस ने दो नामजद आरोपितों के विरुद्ध केस दर्ज किया।
सीओ कैंपियरगंज अनुराग सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। साक्ष्य के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई होगी। |
|