LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 478
प्रतीकात्मक फोटो
जागरण संवाददाता, सहारनपुर।
आनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर कारोबारी से साइबर ठगों ने एक करोड़ 31 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर बैंक खातों की जांच शुरू कर दी। ठगों ने कारोबारी से अलग-अलग कंपनियों के बैंक खाते में राशि ट्रांसफर कराई थी।
मंगलम एंटरप्राइजेज नाम से फर्म संचालन करने वाले कारोबारी बेहट रोड निवासी अंशुल गुप्ता ने बुधवार को साइबर थाने में शिकायत देकर बताया कि उन्होंने केयू क्वाइन एप व मिंग क्वाइन ट्रेडिंग प्लेटफार्म के माध्यम से दिसंबर में आनलाइन ट्रेडिंग शुरू की थी। एप के जरिए उन्होंने अपने खाते से विभिन्न फर्मों व कंपनियों के खातों में अलग-अलग तिथियों पर रकम ट्रांसफर की। उन्होंने एनईएफटी और आरटीजीएस के माध्यम से देश के विभिन्न बैंकों में करीब एक करोड़ 31 लाख रुपये भेजे। थाना प्रभारी साइबर क्राइम इंद्रेश चौहान ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है।
आनलाइन ट्रेडिंग करते समय यह बरतें सावधानी
- केवल भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड से पंजीकृत ब्रोकर और ट्रेडिंग प्लेटफार्म का उपयोग करें। नकली वेबसाइटों से बचें।
- सार्वजनिक वाई-फाई का उपयोग करके कभी भी आनलाइन ट्रेडिंग या फंड ट्रांसफर न करें। हमेशा सुरक्षित और निजी इंटरनेट नेटवर्क का उपयोग करें।
- ट्रेडिंग पासवर्ड, पिन या ओटीपी किसी के साथ भी साझा न करें। समय-समय पर पासवर्ड बदलते रहें।
- ट्रेडिंग एप को केवल आधिकारिक वेबसाइट या एप स्टोर से ही डाउनलोड करें। अनजान या वाट्सएप मैसेज पर आए लिंक पर क्लिक न करें।
- अपने डिमैट और ट्रेडिंग खाते के लिए टू-फैक्टर आथेंटिकेशन और बायोमेट्रिक लागिन सक्षम करें, जिससे सुरक्षा बढ़े।
- यदि धोखाधड़ी हो जाए तो तुरंत 1930 पर काल करें और साइबर क्राइम डाट जीओवी डाट इन पर रिपोर्ट करें।
|
|