जाम में फंसे वाहन
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। शहर के उत्तरी प्रवेश मार्ग जीरोमाइल चौक से होकर शहर आने-जाने वालों को दो सौ मीटर की दूरी पार करने के लिए पांच किलोमीटर की दूरी तय करनी पर रही है। गुरुवार को अखाड़ाघाट पुल पूरे दिन रह-रह कर जाम होता रहा।
इसके कारण शहर आने-जाने वालों को घंटों जाम में फंसाना पर रहा है। पुल के जाम होने पर लोगों को दादर पुल, पुलिस लाइन होकर पांच किमी की दूरी तय कर शहर पहुंचना पर रहा है। मैट्रिक की परीक्षा को देखते हुए पुल पर जाम नहीं हो इसके लिए वहां आधा दर्जन पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी के बाद भी पुल पर जाम हो रहा है।
पुल के मुहाने पर सड़क के धंसने एवं संकीर्ण होने के कारण वाहन नहीं निकल पाते जिससे जाम हो रहा है। जाम होने पर मैट्रिक की परीक्षा देने आए परीक्षार्थियों को वाहन से उतरकर पैदल पुल से जाना पड़ रहा ताकि परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंच सके।
साधु गाछी निवासी संजय कुमार चौधरी ने कहा कि अखाड़ाघाट पुल से होकर देवी मंदिर रोड स्थित एलआइसी कार्यालय पहुंचना पड़ता है। पुल पर जाम होने के कारण वह समय पर कार्यालय नहीं पहुंच पाते। कभी-कभी तो लेट होने पर पांच किमी का सफर तय कर कार्यालय पहुंचना पड़ता है। जब तक सामांतर बन रहा पुल नहीं बन जाता तक तक इस परेशानी से मुक्ति नहीं मिलेगी।
जाम में फंसी अहियापुर निवासी सोनी तिवारी ने कहा कि पुल पर कर एलएस कालेज के पास कोचिंग करने जाती है। लेकिन जाम के कारण पुल पार करने में पांच मिनट आधा धंटा तक लग जाता है। इसके कारण वह समय पर कोचिंग नहीं पहुंच पाती। पुलिस के मना करने पर भी लोग नहीं मानते और आगे निकलने के चक्कर में पुल पर जाम फंसा देते हैं।
यह सिर्फ एक दिन की परेशानी नहीं बल्कि आए दिन लोग यहां जाम में फंस रहे है। शहबाजपुर निवासी सुनील सिंह का कहना है कि अखाड़ाघाट पुल पर वाहनों का भारी दबाब है। जाम होने पर दादर होकर शहर आना-जाना पड़ता है। इसके कारण अधिक समय लगता है और अधिक ईंधन भी खर्च होता है। |
|