मौके पर लोगों को समझती पुलिस। जागरण
जागरण संवाददाता,नैनी, (प्रयागराज)। मीरजापुर मार्ग पर स्थित बेथनी कान्वेंट स्कूल में सोमवार सुबह पढ़ने जा रही कक्षा दो की छात्रा को डंपर ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्कूल गेट पर के समीप हुई घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्र हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शव को कब्जे में ले लिया।
नैनी थाना क्षेत्र के महेवा पश्चिम पट्टी निवासी 10 वर्षीय फलीशा पुत्री नजमी हुसैन बेथनी कान्वेंट स्कूल में कक्षा दो में पढ़ती थी। उसके पिता का निधन हो चुका है, जिससे वह ननिहाल में ही रहती थी। सोमवार की सुबह उसके मामा वली हाफिज बाइक से उसे पहुंचाने गए थे।
स्कूल के समीप पहुंचने पर अचानक एक कार सामने आने पर उन्होंने ब्रेक लगा दिया, जिससे फ़लीशा सड़क पर गिर गई। इस दौरान पीछे से आ रहे डंपर ने उसे कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक कुछ दूर जाकर डंपर खड़ी कर फरार हो गया।
यह भी पढ़ें- प्रयागराज में बस-ट्रक की टक्कर, बोर्ड परीक्षा देने जा रहे पांच छात्र गंभीर घायल
स्कूल गेट पर बड़ी संख्या में अभिभावक खड़े थे उन्होंने डंपर को घेर लिया, जिससे मीरजापुर मार्ग पर जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस को गुस्साए लोगों ने शव उठाने से मना कर दिया, लेकिन पुलिस ने समझा कर लोगों को मौके से हटाया। कुछ देर बाद यातायात सुचारू हो गया। |