LHC0088 • 2025-11-7 17:07:16 • views 894
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। File
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड रजत जयंती के अवसर पर देहरादून पुलिस लाइन में राज्य स्तरीय रैतिक परेड आयोजित की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। उन्होंने परेड की सलामी ली और परेड देखने पहुंचे लोगों से मुलाकात की। राज्य में पहली बार राज्य स्थापना दिवस से दो दिन पूर्व रैतिक परेड हो रही है। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
राज्यपाल गुरमीत सिंह लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। राष्ट्रगान के उपरांत राष्ट्रीय गीत बंदे मातरम का गायन किया गया। राज्यपाल परेड का निरीक्षण कर रहे हैं। उनके साथ डीजीपी दीपम सेठ भी मौजूद हैं।
कदम-कदम बढ़ाए जा गीत पर परेड आगे बढ़ती रही। आगे-आगे परेड कमांडर निहारिका तोमर पीछे अलग-अलग वाहिनियों में पीएसी, नागरिक पुलिस, 31वी वाहनी पीएसी, आरआरबी, ट्रैफिक, आतंक विरोधी दस्ता, घुड़सवार, पुलिस संचार, फायर ब्रिगेड, सीपीयू, डॉग स्क्वायड शामिल रहे।
डीजीपी दीपम सेठ ने सभी को रजत जयंंती की बधाई दी। कहा कि 25 सालों में उत्तराखंड पुलिस ने हर परिस्थिति में साहस का परिचय दिया है। उत्तराखंड पुलिस ने सुरक्षा सेवा व मित्रता को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल व मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड पुलिस लगातार तरक्की कर रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की ये घोषणाएं
- साइबर अपराधों पर अंकुश के लिए साइबर कोऑर्डिनेशन केंद्र की स्थापना की जाएगी।
- ड्रग्स फ्री देवभूमि हेतु एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का और विस्तार किया जाएगा।
- राजकीय विद्यालयों में पीएम पोषण योजना के अंतर्गत भोजन माता के लिए कल्याण कोष की स्थापना की जाएगी।
- राज्य में जंगली जानवरों एवं आवारा पशुओं से कृषि एवं उद्यान की फसलों की सुरक्षा के लिए फार्म फेंसिंग पॉलिसी लाई जाएगी।
- प्रदेश के पारंपरिक धौरे नाले आदि प्राकृतिक जल स्त्रोतों के संरक्षण पुनर्जीवन के लिए विशेष संवर्धन योजना प्रारंभ की जाएगी।
- उच्च शिक्षा संस्थानों के छात्र-छात्राओं में कौशल विकास के लिए ऑनलाइन स्किल कोर्सेज उपलब्ध कराए जाएंगे और सिविल सर्विसेज बैंकिंग मैनेजमेंट नीट आदि परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन कोचिंग सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
- मानसखंड मंदिर माला मिशन की तर्ज पर ही केदार खंड मंदिर माला मिशन का विकास किया जाएगा।
- आदर्श चंपावत की भांति आदर्श रुद्रप्रयाग जनपद का विकास भी उसी तर्ज पर आगे बढ़ाया जाएगा।
- पूर्णागिरि कुमाऊंनी के शारदा कॉरिडोर एवं आदि कैलाश तथा गढ़वाल के अंजनी सेन एवं बेला केदार क्षेत्र को स्पिरिचुअल इकोनॉमिक जोन के रूप में विकसित किया जाएगा
- प्रत्येक जिला अस्पताल में डायबिटीज के लिए विशेष क्लीनिक खोले जाएंगे और 15 वर्ष तक के बच्चों की डायबिटीज स्क्रीनिंग मुफ्त की जाएगी।
|
|