कोणार्क सूर्य मंदिर का परिदर्शन करते भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त। फोटो जागरण
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, जो तीन दिवसीय ओडिशा दौरे पर हैं, ने शनिवार को पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया तथा इसके पश्चात ऐतिहासिक सूर्य मंदिर, कोणार्क का भ्रमण किया। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
भुवनेश्वर आगमन पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने भगवान जगन्नाथ को नमन किया और ओड़िया भाषा में ओडिशा के लोगों को शुभकामनाएं दीं। बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका गर्मजोशी से स्वागत मुख्य निर्वाचन अधिकारी, ओडिशा, आर. एस. गोपालन एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा किया गया।
पुरी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में मुख्य निर्वाचन आयुक्त कुमार का स्वागत श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन के मुख्य प्रशासक अरविंद पाढ़ी, जिला कलेक्टर दिव्यज्योति परिड़ा, पुलिस अधीक्षक प्रतीक सिंह तथा अन्य अधिकारियों ने किया। उन्होंने भगवान जगन्नाथ एवं अन्य देवताओं के दर्शन की समुचित व्यवस्था की।
इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि भगवान जगन्नाथ का दिव्य आशीर्वाद उन्हें अपने संवैधानिक दायित्वों का और अधिक निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करने की प्रेरणा देगा। उन्होंने कहा कि ओडिशा की कला, साहित्य और संस्कृति अत्यंत प्राचीन एवं विशिष्ट है और अपने प्रवास के दौरान वे इन समृद्ध परंपराओं के बारे में अधिक से अधिक जानने का प्रयास करेंगे।
मंदिर के वरिष्ठ अधिकारियों एवं सेवायतों ने उन्हें भगवान जगन्नाथ की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विशिष्टता, श्री जगन्नाथ मंदिर की अनूठी परंपराओं एवं रीति-रिवाजों, प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में आयोजित होने वाली विश्वविख्यात रथ यात्रा, मंदिर की अद्भुत वास्तुकला तथा गहन भक्ति परंपराओं की जानकारी दी।
श्री जगन्नाथ मंदिर में दर्शन के पश्चात मुख्य निर्वाचन आयुक्त तटीय मार्ग से विश्वप्रसिद्ध सूर्य मंदिर, कोणार्क पहुंचे। यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर घोषित इस मंदिर की अद्वितीय शिल्पकला एवं ऐतिहासिक महत्व से वे अत्यंत प्रभावित हुए।यह मंदिर कलिंग शैली की वास्तुकला का उत्कृष्ट उदाहरण है।
कोणार्क में संबोधित करते हुए कुमार ने कहा कि सूर्य मंदिर केवल ओडिशा की सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। मंदिर की भव्यता और जटिल शिल्पकला को देखकर यह स्पष्ट होता है कि प्राचीन भारत धन, ज्ञान और वैज्ञानिक उन्नति के क्षेत्र में कितना समृद्ध था। इस गौरवशाली विरासत पर चिंतन करने से मन गर्व से भर उठता है।
पुरी का श्री जगन्नाथ मंदिर और कोणार्क का सूर्य मंदिर ओडिशा की समृद्ध विरासत और प्राचीन परंपराओं के भव्य प्रतीक हैं। इन पवित्र एवं ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन का दिव्य अनुभव सदैव उनके स्मरण में अंकित रहेगा, ऐसा उन्होंने विश्वास व्यक्त किया।
पुरी और कोणार्क दौरे के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त के साथ मुख्य निर्वाचन अधिकारी, ओडिशा, आर. एस. गोपालन, अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुषांत कुमार मिश्रा, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी गोपीनाथ कान्हार, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. लक्ष्मी प्रसाद साहू, अनामिका सिंह तथा स्थानीय प्रशासन के अधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। |