संवाद सूत्र, सपहां। मैनपुर कोटेश्वरी देवी मंदिर के गर्भ गृह में घुसी एक महिला ने पिंडी तोड़ दी। चरण पादुका खंडित कर दिया। बगल में रखी हनुमान जी की मूर्ति को बाहर फेंक दिया। पिंडी पर चढ़ाए गए चुनरी एवं फूल आदि सामग्री को फेंक कर वहीं बैठ गई।
गुरुवार की सुबह पूजा के लिए श्रद्धालु पहुंचे तो उसे पकड़ कर बाहर किया और पुलिस को सौंपा। जांच पड़ताल के बाद महिला को अर्द्ध विक्षिप्त बताते हुए कसया थाना पुलिस ने स्वजन को सिपुर्द कर दिया।
सुबह रोज की भांति श्रद्धालु मंदिर में पूजन अर्चन के लिए पहुंचे तो परिसर की हालत देख कर दंग रह गए। गर्भ गृह में स्थापित देवी की चरण पादुका बाहर खंडित पड़ी थी। हनुमान जी की मूर्ति भी अपने स्थान से हटी मिली, देखा तो बाहर फेंका गया है। गर्भ गृह में पिंडी पर चढा़ई गई चुनरी और फूल आदि सामग्री बिखरा पड़ी थी। एक महिला वहीं बैठी थी।
श्रद्धालुओं ने पकड़कर बैठाया
श्रद्धालुओं ने पकड़ कर उसे बाहर निकाल कर बैठा दिया। पुलिस आई तो महिला उन पर ईंट, पत्थर चलाने लगी। लोगों ने उसे काबू में किया। बताया जा रहा है कि मंदिर में लगे सीसी कैमरे काफी दिनों से खराब पड़े हैं। इस प्रसिद्ध देवी मंदिर में प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं है।
पुलिस ने छानबीन की तो आरोपित महिला मैनपुर टोला खदहीं के अच्छेलाल की पत्नी 35 वर्षीय कांति देवी निकली। स्वजन से पूछताछ हुई तो उन्होंने बताया कि वह अर्द्ध विक्षिप्त है , गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
यह भी पढ़ें- अमेठी में बाइक से गिरी महिला को ट्रक ने रौंदा, पति घायल, आधे घंटे तक जाम रहा नेशनल हाई-वे
थानाध्यक्ष अभिनव मिश्र ने मंदिर में तोड़फोड़ की घटना से इन्कार करते हुए बताया कि, अर्द्ध विक्षिप्त महिला ने केवली सामग्री तितर-बितर की थी। उसको स्वजन को सिपुर्द कर दिया गया है |
|