खुटार के सिल्हुआ गांव में पुलिसकर्मियों पर इसी गेट को तोड़ने का लगा आरोप। जागरण
संवाद सूत्र, खुटार (शाहजहांपुर)। भूमि से संबंधित विवाद में गुरुवार रात सिल्हुआ गांव में सत्यपाल व जंडैल आपस में भिड़ गए। जंडैल पक्ष की सूचना पर छह पुलिसकर्मी निजी वाहन से मौके पर पहुंच गए। दूसरे पक्ष के लोगों को खदेड़ने का प्रयास किया, तो वे लोग उन पर ही हमलावर हो गए। सिपाहियों से हाथापाई की।
वहां से भागने का प्रयास किया, तो गुस्साए लोगों ने पथराव कर दिया, जिससे कार का शीशा टूट गया। एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया। सत्यपाल पक्ष की महिलाओं ने सिपाहियों पर घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ व अभद्रता करने का आरोप लगाया है। सत्यपाल ने गांव के संजय से कुछ माह पूर्व जंडैल के घर के पास भूमि खरीदी थी, जिसे अपना बताकर जंडैल विरोध कर रहा था।
इसी को लेकर गुरुवार रात दोनों पक्षों में विवाद हो गया। देर रात पुलिसकर्मी एक निजी कार से मौके पर पहुंच गए। जहां सत्यपाल पक्ष के लोगों को कार्रवाई की चेतावनी देने लगे। पक्षपात का आरोप लगाते हुए लोग भड़क गए और सिपाहियों से हाथापाई होने लगी। भीड़ से बचने के लिए सिपाहियों ने वहां से निकलने का प्रयास किया, तो किसी ने पथराव कर दिया। इससे शीशा टूट गया।
हंगामे की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक श्यामवीर सिंह अतिरिक्त फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एक आरोपित को हिरासत में ले लिया। सत्यपाल यादव की पत्नी सरिता देवी ने बताया कि बैनामा होने के बाद जंडैल सिंह उन लोगों की भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। गुरुवार रात वह घर के पास आकर गालियां देने लगा।
पति के विरोध पर मारपीट की। पुलिस कर्मियों ने भी उन लोगों को पीटा। घर में घुसकर शौचालय का गेट, खिड़की की जाली आदि तोड़ दी। वहीं संजय की पत्नी पंछी देवी ने बताया कि गुरुवार रात को वह घर में लेटी थीं। तभी सत्यपाल यादव, मेंबर यादव, विष्णु देव यादव, मंजू यादव, सरिता देवी, शालू आदि ने जानलेवा हमला कर दिया।
भूमि संबंधित विवाद में पुलिस की दिखी दिलचस्पी
दोनों पक्षों में भूमि को लेकर विवाद था, लेकिन पुलिस कर्मियों ने राजस्व टीम को बुलाने या फिर उच्चाधिकारियों को इसके बारे में जानकारी नहीं दी। जबकि खुद निजी कार से वहां पहुंच गए। जिस वजह से पुलिस को लेकर तमाम तरह के सवाल भी उठ रहे हैं।
किसी ने कार का शीशा तोड़ दिया था। मारपीट करने का आरोप गलत है। इस मामले में एक आरोपित को हिरासत में लिया गया है। जांच कर आगे की कार्रवाई कराई जाएगी।
- राजेश द्विवेदी, एसपी
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर पुलिस की \“नंबर 1\“ रैंकिंग का सच: कागजों पर 100% समाधान, लेकिन थानों के चक्कर काट रहे पीड़ित |