नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के बाहर बैठे मरीज। फोटो जागरण
जागरण संवाददाता, पटना सिटी। नालंदा मेडिकल कालेज अस्पताल में लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों और निजी सुरक्षा गार्ड की तैनाती के बावजूद शिशु रोग विभाग के वार्ड में 8 फरवरी की दोपहर 1:22 बजे भर्ती चार वर्षीय बच्चा मरीज और मां के 11 फरवरी की शाम 7:30 बजे लापता होने का मामला शुक्रवार को सामने आया।
महिला के पति ने इलाज के दौरान लापता हुए पुत्र व पत्नी से जुड़ी रिकॉर्डिंग दिखाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की मांग अधीक्षक को पत्र लिख कर किया है।
आलमगंज थानाध्यक्ष राहुल कुमार ठाकुर ने बताया कि बेनीपट्टी के चौटा निवासी श्याम कुमार यादव ने आवेदन देकर भर्ती चार वर्षीय पुत्र और पत्नी के अस्पताल से लापता होने की जानकारी दी है।
प्राथमिकी कर पुलिस जांच में जुटी है। सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग देखी जा रही है। अधीक्षक डॉ. प्रो. रश्मि प्रसाद ने बताया कि संज्ञान में आयी इस घटना के बाद पहुंची पुलिस सीसीटीवी फुटेज अस्पताल से लेकर जांच में जुटी है।
लापता के पति ने थानाध्यक्ष को लिखे आवेदन में बताया कि जिस वार्ड में पुत्र भर्ती था, वहां आसपास के लोगों ने बताया कि 11 फरवरी की शाम करीब सात बजे चार पहिया वाहन में पत्नी बच्चे के साथ बैठ कर कहीं चली गई। चार पहिया वाहन कहां से आया और उस पर कौन था, इस सवाल का जवाब ढूंढने में पुलिस लगी है।
बड़े पुत्र को काम से भेज दिया, बेड संख्या छह पर था भर्ती
श्याम कुमार यादव ने बताया कि पटना में वह कंकड़बाग में रहते हैं। तीन बच्चों में अरव कुमार मंझला है। पेट दर्द, बुखार, दस्त, उल्टी होने पर 8 फरवरी को शिशु रोग विभाग की इमरजेंसी में भर्ती कराया था। इलाज से उसका स्वास्थ्य तेजी से ठीक हो रहा था। उसे प्रथम मंजिल के वार्ड में छह नंबर बेड पर शिफ्ट किया गया था।
पत्नी के साथ घर जाकर वह खाना लेकर अक्सर अस्पताल आता था। बड़ा पुत्र मां के साथ अस्पताल में ही रहता था। लापता वाली शाम उसे मां ने कुछ लाने के लिए भेज दिया था। किसी तरह की कोई बात नहीं थी।
11 फरवरी की शाम साढ़े सात बजे अस्पताल पहुंचा तो दोनों गायब थे। पूछने पर पता चला कि कोई चार चक्का वाले वाहन से दोनों को ले गया है। हर जगह तलाश करने के बाद भी पुत्र व पत्नी का कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस व अस्पताल प्रशासन को सूचित किया।
यह भी पढ़ें- PMCH में अब हफ्ते में सिर्फ 3 दिन होगी खून की जांच, डॉक्टरों की कमी की वजह से लिया गया फैसला
यह भी पढ़ें- Pappu Yadav: बेउर जेल भेजे गए सांसद पप्पू यादव, PMCH के डॉक्टरों ने बताया डिस्चार्ज का कारण |