रिकवरी की जानकारी देते हुए सीनियर अधिकारी।
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर। पंजाब पुलिस की ओर से चलाए जा रहे “युद्ध नशेयां विरुद्ध” अभियान के तहत फिरोजपुर जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से कुल 22 किलो 295 ग्राम हेरोइन, दो ग्लॉक पिस्टल, दो मैगजीन, चार जिंदा कारतूस, एक कार और 2 लाख 5 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद की है।
डीआईजी फिरोजपुर रेंज स्नेहदीप शर्मा (आईपीएस) और एसएसपी फिरोजपुर भूपिंद्र सिंह सिद्धू ने संयुक्त प्रेस वार्ता में बताया कि पंजाब सरकार और डीजीपी पंजाब के निर्देशों पर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सीआईए जीरा की टीम को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर गांव दुलचीके के पास ईंट भट्ठे के नजदीक कार्रवाई की गई।
यह भी पढ़ें- प्यार के लिए रिश्तों का कत्ल; संबंधों में बाधा बने दो मासूम, बठिंडा में मां ने जहर देकर को उतारा मौत के घाट
2 किलो की रिकवरी से हुई जांच की शुरुआत
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान प्रताप सिंह (27) निवासी किलचे, जगजीत सिंह उर्फ जग्गा (26) निवासी अरनीवाला, मलूक सिंह उर्फ लव (29) निवासी गढ़ किलचा और किरनदीप सिंह उर्फ दीप (36) निवासी शहीद भगत सिंह कालोनी, मल्लांवाला रोड के रूप में हुई है। प्रारंभिक तलाशी के दौरान पुलिस ने 2 किलो 717 ग्राम हेरोइन, चार मोबाइल फोन, एक कार, दो पिस्टल, दो मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद किए।
पूछताछ के दौरान मामले ने तब गंभीर मोड़ लिया जब प्रताप सिंह की निशानदेही पर उसके घर के पास स्थित हवेली से 19 किलो 578 ग्राम अतिरिक्त हेरोइन और 2 लाख 5 हजार रुपये नकद बरामद हुए। इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन की बरामदगी ने पुलिस और खुफिया एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया है।
थाना सदर फिरोजपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें- तेज रफ्तार और लापरवाही का कहर; ट्रक ने ली डिलीवरी ब्वॉय की जान, हादसे के बाद मचा हंगामा और लगा जाम
पहले भी दर्ज हैं आरोपियों पर केस
पुलिस के अनुसार, प्रताप सिंह पर चंडीगढ़ में मारपीट का मामला दर्ज है। जगजीत सिंह पर वर्ष 2023 में थाना अरनीवाला (फाजिल्का) में 10 ग्राम हेरोइन के साथ एनडीपीएस एक्ट का केस दर्ज हो चुका है। मलूक सिंह के खिलाफ 2024 और 2025 में एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं, जिनमें 11 किलो हेरोइन बरामदगी का मामला भी शामिल है। किरनदीप सिंह के खिलाफ फिलहाल कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।
इतनी बड़ी खेप की बरामदगी ने जिले में सक्रिय ड्रग नेटवर्क पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब आरोपितों के अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जांच में जुटी है।
यह भी पढ़ें- प्यार के लिए रिश्तों का कत्ल; संबंधों में बाधा बने दो मासूम, बठिंडा में मां ने जहर देकर को उतारा मौत के घाट |