बढखालसा गांव के पास सनशाइन काउंटी के रेजिडेंट्स को हो रही भारी। जागरण
संवाद सहयोगी, राई (सोनीपत)। सोनीपत में राई के बढखालसा गांव के निकट स्थित सनशाइन काउंटी के रेजिडेंट्स एसएमडीए की लापरवाही की सजा भुगत रहे हैं।
सीवरेज लाइन दबाने के लिए प्राधिकरण ने सोसाइटी के गेट के बाहर कई गहरे गड्ढे खोदकर छोड़ दिए हैं। कई महीने बीत जाने के बाद भी न तो लाइन बिछाने का कार्य आगे बढ़ रहा है और न ही गड्ढों को ही भरा गया है।
सोसाइटी के निवासियों अशोक चौहान, सुरेश, रमेश, सुनील, आनंद और तेजेंद्र व कमल आदि ने बताया कि ये ऐसे गड्ढे गेट के सामने खोदे गए हैं। इनमें लोहे के सरिये खड़े हैं। रात में आने-जाने वालों या यहां पर खेल रहे बच्चों के इनमें गिरने का खतरा बना हुआ है।
वहीं, संबंधित अधिकारियों से इस बारे में कई बार शिकायत की जा चुकी हैं, लेकिन वे उनकी शिकायत का समाधान करने की बजाय एक-दूसरे अधिकारियों पर टालकर चुप्पी साध लेते हैं।
इस संबंध में एसएमडीए कनिष्ठ अभियंता हरपाल व ठेकेदार ने बताया कि पहले ग्रेप के चलते काम रुका हुआ था। जल्दी इस काम को शुरू करवा दिया जाएगा। |