हार्ट सर्जरी के बाद अब पूरी तरह सक्रिय हुए मुख्य सचिव। फाइल फोटो
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी सोमवार को पूरी तरह से सक्रिय नजर आए। हार्ट अटैक के चलते बाइपास सर्जरी के बाद करीब 24 दिन के विश्राम और वर्क फ्राम होम के दौर के बाद उन्होंने सिविल सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में नियमित रूप से बैठना शुरू कर दिया है।
आठ जनवरी की देर रात अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल मोहाली में भर्ती कराया गया था, जहां जांच में मेजर हार्टअटैक की पुष्टि हुई। सफल सर्जरी के बाद डॉक्टरों ने उन्हें धीरे-धीरे काम शुरू करने की सलाह दी थी। डिस्चार्ज के बाद रस्तोगी ने पहले 15 दिनों तक घर से काम करने का निर्णय लिया।
इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्य सचिव स्तर की फाइलें संबंधित अधिकारी अपने स्तर पर निपटाएं और मुख्यमंत्री को भेजी जाने वाली फाइलें सीधे सीएम कार्यालय भेजी जाएं। प्रतिदिन शाम पांच बजे की अपडेट मुख्यमंत्री के ओएसडी को देने की व्यवस्था भी तय की गई। 19 जनवरी को उन्होंने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों के साथ बैठक कर कामकाज की समीक्षा की।
उसी दिन सुबह उन्होंने आइएएस अधिकारियों के वाट्स-एप ग्रुप में संदेश साझा कर अस्पताल से डिस्चार्ज होने और काम फिर से शुरू करने की जानकारी दी, जिसके बाद प्रशासनिक हलकों में राहत और शुभकामनाओं का दौर चला। अब सचिवालय की चौथी मंजिल पर स्थित उनके कार्यालय में उनकी नियमित मौजूदगी से प्रशासनिक फाइलों की गति और तेज होने की उम्मीद है। |
|