सदर थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार ने अपने बयान पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्रतीकात्मक फोटो
संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर। Apartment Builder Negligence FIR: मुजफ्फरपुर में अपार्टमेंट की लिफ्ट से गिरकर दरभंगा की महिला की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। सदर थाना क्षेत्र के खबड़ा इलाके में हुई इस घटना को लेकर पुलिस ने अपार्टमेंट के बिल्डर समेत तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। यह कार्रवाई जांच और वरीय अधिकारियों के सुपरविजन के बाद की गई है।
स्वजनों की ओर से यूडी केस
पिछले महीने खबड़ा स्थित एक अपार्टमेंट में पांचवीं मंजिल पर लिफ्ट में प्रवेश करने के दौरान नीचे गिरने से दरभंगा जिले के विशुनपुर निवासी पुनीता देवी (60) की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद स्वजनों की ओर से यूडी केस दर्ज कराया गया था। मामले की विस्तृत जांच के बाद सदर थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार ने अपने बयान पर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
जांच में सामने आई लापरवाही
प्राथमिकी में अपार्टमेंट के बिल्डर पुरुषोत्तम पांडेय (अहियापुर थाना क्षेत्र के कोल्हुआ पैगंबरपुर निवासी), तथा अपार्टमेंट के मेंटेनेंस से जुड़े सर्वेश ओझा और मुनेन्द्र कुमार (खबड़ा निवासी) को आरोपित बनाया गया है। पुलिस जांच में तीनों की घोर लापरवाही सामने आई है।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी
पुलिस ने प्राथमिकी में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया है कि यदि बिल्डर द्वारा मानक के अनुरूप सुरक्षित लिफ्ट लगाई गई होती और अपार्टमेंट के मेंटेनेंस की जिम्मेदारी संभाल रहे लोगों द्वारा लिफ्ट का सही ढंग से रखरखाव किया गया होता, तो यह दर्दनाक हादसा नहीं होता। लिफ्ट की खराब स्थिति और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को महिला की मौत का प्रमुख कारण माना गया है।
शुरू होगी कानूनी प्रक्रिया
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल का निरीक्षण, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, मृतका का पोस्टमार्टम रिपोर्ट, लिफ्ट की तकनीकी जांच रिपोर्ट तथा वरीय अधिकारियों के पर्यवेक्षण के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने का निर्णय लिया गया। अब तीनों आरोपितों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस घटना ने एक बार फिर अपार्टमेंटों में लिफ्ट की सुरक्षा, नियमित मेंटेनेंस और बिल्डरों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। |