खेल इंडिया विंटर गेम्स के लिए गुलमर्ग तैयार। फाइल फोटो
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। विश्व प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग एक बार फिर खेलो इंडिया विंटर गेम्स के लिए तैयार होने लगा है। देश के विभिन्न राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के 600 से ज्यादा खिलाड़ी और अधिकारी इस खेल महोत्सव में भाग लेने आ रहे हैं। यह खेल महोत्सव जहां कश्मीर को शीतकालीन खेलों की दुनिया में एक प्रमुख केंद्र के रूप में प्रतिष्ठित कर रहा है, वहीं यह कश्मीर में पर्यटन काे भी बढ़ावा देगा।
गुलमर्ग में 23 से 26 फरवरी तक चलने वाला यह खेल महोत्सव खेलो इंडिया विंटर गेम्स के छवें संस्करण का दूसरा चरण होगा। पहला चरण 20 से 26 जनवरी तक लेह,लद्दाख में आयोजित किया गया था। पहले चरण में आइस इवेंट्स हुए थे जबकि गुलमर्ग में होने जा रहे दूसरे चरण में स्नो इंवेंट्स होंगे।
युवा सेवा एवं खेल विभाग के अनुसार, गुलमर्ग में खेल महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उद्घाटन समारोह और समापन समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
गुलमर्ग में स्की सहायक मोहम्मद रफीक चेयी ने कहा आगामी खेलों इंडिया विंटर गेम्स का जिक्र करते हुए कहा कि यहां इस समय अच्छा हिमपात हुआ है। स्कीइंग और स्लेजिंग जैसी खेल गतिविधियों को इससे बढ़ावा मिला है। स्थानीय स्कीइर और विदेशी स्कीईर भी यहां आ रहे हैं। विंटर गेम्स के आयोजन से इन्हें और बड़ावा मिलेगा। स्थानीय लाेगों को भी इससे लाभ होगा।
गुलमर्ग का आधार शिविर कहने वाले टंगमर्ग में होटल संचालक बशीर अहमद ने कहा कि विंटर गेम्स से हमे बड़ी उम्मीद है। यह सिर्फ खेल-खिलाड़ियाें तक सीमित नहीं है। यह पर्यटकों केा विभिन्न प्रकार की सेवाएं उपलब्ध कराने वालों की आजीविका से भी जुड़ा है।
यहां हाेटलों में लोग ठहरेंगे, कोई घोड़े पर सवारी करेगा तो कोई स्लेजिंग के लिए आगे आएगा। टैक्सी चालको का भी काम बढ़ेगा। कश्मीरी दस्तकारी का सामान बेचने वाले भी फायदे में रहेंगे क्येांकि ग्राहक बढ़ेंगे। इसलिए हम सभी इन खेलों का इंतजार कर रहे हैं।
सच पूछो तो जब बर्फ नहीं गिर रही थी तो हम सभी अपने कारोबार को लेकर आशंकित हो उठे थे। बर्फ गिरी और खेल महोत्सव का एलान हो गया और यही हम चाहते थे। अब बस खेल महोत्सव के शुरु होने का इंतजार है।
युवा सेवा एवं खेल विभाग के अनुसार, 23 फरवरी से 26 फरवरी तक चलने वाले इस खेल महोत्सव में की स्की माउंटेनियरिंग, एल्पाइन स्कीइंग, नॉर्डिक स्कीइंग (क्रॉस-कंट्री), और स्नोबोर्डिंग जैसी प्रतियोगिताएं होंगे। इनमें 400 खिलाड़ी भाग लेंगे और सबसे ज्यादा खिलाड़ी एल्पाइन स्कीइंग में प्रतिस्पर्धा करेंगे।
एजाज अहमद वानी नामक एक एक टूरिस्ट गाइड ने कहा कि गुलमर्ग और उसके आस-पास के युवाओं का एक बड़ा हिस्सा पर्यटन से संबधित गतिविधियों में ही अपनी आजिविका कमाते हैं। जितने ज़्यादा पर्यटक होंगे,हमारी आय भी उतनी ही बेहतर होगी।
बीते वर्ष पहलगाम आतंकी हमले का हम सभी को नुक्सान हुआ है,यहां पर्यटकों की संख्या अपने न्यूनतम स्तर पर पहुंच गई थी। अक्टॅबर के बाद यहां पर्यटकों की आमद बढ़ी है और विंटर गेम्स से हमें गुलमर्ग में पर्यटन के लिए अच्छी शुरुआत की उम्मीद है। |