देह व्यापार का गाजियाबाद नेटवर्क नोएडा में पसार रहा पैर।
मुनीश शर्मा, नोएडा। स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का गाजियाबाद का नेटवर्क नोएडा में भी पैर पसार रहा है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के माल से इतर मार्केट में भी स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार हो रहा है। यह बात नोएडा सेक्टर 49 थाना पुलिस ने 13 फरवरी को तीन स्पा सेंटर से पकड़े 24 महिला-पुरूष के मामले में भी पता चली है।
गाजियाबाद का रहने वाला मुख्य संचालक अभी पुलिस की पकड़ से दूर है। उधर, गाजियाबाद के ट्रांस हिंडन जोन में इस तरह के कई स्पा सेंटर व होटल में अनैतिक देह व्यापार होने के मामले उजागर हो चुके हैं।
काफी समय पहले तक सेक्टर 49 थाना क्षेत्र के कई मार्केट में स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार हाेता था, लेकिन पिछले काफी समय से सख्ती के चलते स्पा सेंटर बंद हो गए। शुक्रवार रात को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग और सेक्टर 49 थाना पुलिस ने सेक्टर 50 और 51 में तीन स्पा सेंटर से 24 महिला-पुरूष को पकड़ा तो फिर से अवैध धंधा संचालित होने की ओर इशारा कर रहा है।
पुलिस की शुरूआती जांच में यह बात भी सामने आई है कि तीनों जगहों पर स्पा सेंटर की आड़ में अवैध देह व्यापार तीन-चार माह से चल रहा था। स्पा सेंटर की आड़ में अवैध गतिविधि कराने वाला संचालक अभी भी फरार है। पुलिस की टीम चार दिन बाद भी खाली हाथ है।
एसीपी तृतीय राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर सात आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। गाजियाबाद के रहने वाले मुख्य संचालक की तलाश की जा रही है। इस मामले की जांच नोएडा एसीपी प्रथम प्रवीण कुमार सिंह कर रहे हैं।
वाट्सअप पर स्टेट्स लगाकर ऑनलाइन बुकिंग भी
सूत्रों की माने तो स्पा सेंटर में प्रवेश करने पर युवतियां लाइन में खड़ी कर दिखाई जाती थीं। उसके बाद ग्राहक को स्पा की आड़ में अनैतिक कार्य कराया जाता था। इसके एवज में दो से 10 हजार रुपये तक वसूले जाते थे। उधर, यह भी पता चला है कि जानकार ग्राहकों को ब्राडकास्ट से जोड़कर और स्टेट्स लगाकर युवतियों को दिखाया जाता था। अनजान ग्राहक के आग्रह करने पर फोटो व रेट भी भेजे जाते थे। आनलाइन भी बुकिंग की जा रही थी। पूरी डील के दौरान कोडवर्ड का प्रयोग कर बात की जाती थीं।
अभी भी कई जगह संचालित हो रहे स्पा
विश्वसनीय सूत्रों की मानें तो ग्रेटर नोएडा वेस्ट के अलावा नोएडा के कई माल में स्पा सेंटर की आड़ में अनैतिक देह व्यापार हो रहा है। यह सब स्थानीय पुलिस की सांठगांठ से किया जा रहा है। पुलिस के कार्रवाई नहीं करने के पीछे कारण यह है कि छापा मारने की कार्रवाई का जटिल होना है। कई सर्किल अधिकारी इसकी एसओपी के बारे में अनजान भी हैं।
यह भी पढ़ें- नोएडा में डीलर ने दुकानों पर दिया कुट्टू का आटा, खाने से 150 से अधिक लोग बीमार; कार्रवाई के लिए रिपोर्ट का इंतजार |
|