search

रांची में युवाओं में बढ़ रहा जिम का क्रेज, बिना मेडिकल जांच और सलाह के जानलेवा हो सकता है वर्कआउट

Chikheang Yesterday 22:56 views 692
  

जिम का बढ़ रहा क्रेज। (AI Generated Image)



जागरण संवाददाता, रांची। शहर के युवाओं में फिटनेस और आकर्षक शरीर को लेकर जिम जाने का चलन तेजी से बढ़ा है। सुबह-शाम जिम में पसीना बहाते युवाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। हालांकि इस बढ़ते उत्साह के बीच डॉक्टर गंभीर चेतावनी भी दे रहे हैं।

उनका कहना है कि बिना मेडिकल जांच और विशेषज्ञ सलाह के जिम ज्वाइन करना कई बार खतरनाक साबित हो सकता है। हाल के दिनों में जिम के दौरान अचानक मौत के मामलों ने चिंता और बढ़ा दी है।

राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के मेडिसिन विभाग के पूर्व चिकित्सक डॉ. संजय कुमार का कहना है कि जिम शुरू करने से पहले बेसिक हेल्थ चेकअप बेहद जरूरी है। उनके अनुसार सबसे पहले यह जानना जरूरी है कि आपका हृदय किस स्थिति में है।

कई बार युवाओं में भी साइलेंट हार्ट डिजीज होती है, जिसका पता सामान्यत नहीं चलता। यदि हार्ट की क्षमता के अनुसार व्यायाम नहीं किया गया तो जोखिम बढ़ सकता है। उन्होंने बताया कि जिम शुरू करने से पहले ईसीजी, ब्लड प्रेशर जांच, शुगर टेस्ट, लिपिड प्रोफाइल, हीमोग्लोबिन और जरूरत पड़ने पर इको या टीएमटी जैसे टेस्ट कराए जाने चाहिए।

इससे यह स्पष्ट हो जाता है कि व्यक्ति किस स्तर का व्यायाम कर सकता है। युवाओं को चाहिए कि वे सोशल मीडिया ट्रेंड या त्वरित परिणाम के दबाव में आकर अपने शरीर के साथ प्रयोग न करें। क्योंकि फिटनेस का असली मतलब है लंबे समय तक स्वस्थ और सुरक्षित रहना।
किन लोगों को विशेष सावधानी

सदर अस्पताल के डॉ. हरिश चंद्रा कहते हैं कि कुछ लोगों को जिम ज्वाइन करने से पहले अतिरिक्त सतर्कता बरतनी चाहिए। जिन्हें पहले से हृदय रोग है या परिवार में हार्ट अटैक का इतिहास है और अनियंत्रित बीपी के साथ हैवी वेट लिफ्टिंग खतरनाक हो सकती है। साथ ही शुगर लेवल को संतुलित रखकर ही व्यायाम करें।

स्पाइन या स्लिप डिस्क का खतरा गलत तरीके से वेट उठाने पर स्थिति बिगड़ सकती है। मोटापा या लंबे समय से निष्क्रिय रहने वालों को अचानक हाई-इंटेंसिटी वर्कआउट से बचना चाहिए। डा. हरिश चंद्रा के अनुसार हर व्यक्ति की शारीरिक क्षमता अलग होती है। ट्रेनर के कहने मात्र से भारी वर्कआउट शुरू करना सही नहीं है। डाक्टर की सलाह के बाद ही एक्सरसाइज प्लान बनाना चाहिए।
खतरनाक हो रहा प्रोटीन सप्लीमेंट

जिम में तेजी से मसल्स बनाने की चाह में युवा प्रोटीन पाउडर और अन्य सप्लीमेंट लेने लगते हैं। लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि हर व्यक्ति को सप्लीमेंट की जरूरत नहीं होती। डॉ. संजय कुमार बताते हैं यदि संतुलित आहार से पर्याप्त प्रोटीन मिल रहा है तो अलग से पाउडर लेने की जरूरत नहीं है।

अधिक मात्रा में प्रोटीन सप्लीमेंट लेने से किडनी पर दबाव पड़ सकता है। कुछ मामलों में लिवर एंजाइम भी बढ़ जाते हैं। डॉ. संजय कुमार बताते हैं कि हार्ट पर अचानक अत्यधिक दबाव पड़ने से कार्डियक अरेस्ट का खतरा बढ़ जाता है। खासकर वे लोग जो लंबे समय से शारीरिक रूप से सक्रिय नहीं रहे हों, उन्हें धीरे-धीरे शुरुआत करनी चाहिए।
सप्लीमेंट के संभावित दुष्प्रभाव

  • किडनी पर असर
  • लिवर की समस्या
  • हार्मोनल असंतुलन (विशेषकर स्टेरायड युक्त उत्पादों से)
  • मुंहासे, वजन का असामान्य बढ़ना
  • दिल की धड़कन अनियमित होना

फिटनेस के क्रेज ने युवाओं में जिम का ट्रेंड बढ़ाया

शहर में फिटनेस को लेकर युवाओं के साथ-साथ महिलाएं और मध्यम आयु वर्ग के लोग भी अब नियमित रूप से जिम का रुख कर रहे हैं। वजन घटाने, मांसपेशियां मजबूत करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के उद्देश्य से बड़ी संख्या में लोग जिम से जुड़ रहे हैं।

कोकर स्थित गुड बाडी फिटनेस जिम के ट्रेनर बाबी ने बताया कि जिम को अब समग्र व्यायाम के रूप में देखा जा रहा है। यहां मासिक शुल्क 1,000 रुपये है, जबकि तीन माह के लिए 2,500 रुपये लिए जाते हैं। पर्सनल ट्रेनिंग के लिए 5,000 से 10,000 रुपये अतिरिक्त खर्च होते हैं। नए सदस्यों को पहले महीने बेसिक ट्रेनिंग दी जाती है।

जिम ज्वाइन करने से पहले मेडिकल सर्टिफिकेट और स्वास्थ्य जांच अनिवार्य है, ताकि सुरक्षित प्रशिक्षण दिया जा सके। विशेषज्ञों का मानना है कि नियमित व्यायाम से मेटाबालिज्म मजबूत होता है और कई बीमारियों से बचाव संभव है।
क्या करें

  • जिम ज्वाइन करने से पहले हेल्थ चेकअप
  • डाक्टर से सलाह लेकर वर्कआउट प्लान
  • संतुलित आहार
  • पर्याप्त पानी और आराम

क्या न करें

  • अचानक भारी वजन उठाना
  • बिना सलाह सप्लीमेंट या स्टेरायड लेना
  • दर्द या चक्कर आने पर भी वर्कआउट जारी रखना

युवाओं का कहा

जिम जाने वाले रोहित कुमार ने कहा कि जिम जाने से मेरा मासिक तनाव दूर रहता है, यह मेरी दिनचर्या बन गया है। लीपू रीज ने बताया कि मैं टीनएज में बहुत पतला था, जिम से मेरी मांसपेशियां और ताकत दोनों बढ़ी हैं। प्रेम कुमार अपने शरीर को स्वस्थ रखना हमारी जिम्मेदारी है, जिम से मुझे भरपूर एनर्जी मिलती है।

अविनाश शर्मा ने कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी में जिम ने मेरे स्वास्थ्य में सुधार किया है। प्रकाश कुमार ने कहा कि मैं 20 साल की उम्र से एक्सरसाइज कर रहा हूं, फिटनेस मेरा जुनून है।
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
163020