LHC0088 • 3 hour(s) ago • views 1008
जागरण संवाददाता, धनबाद। बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) ने सत्र 2025-27 के लिए एमए इन एजुकेशन (सेमेस्टर-वन) में नामांकन हेतु आवेदन आमंत्रित किए हैं। विश्वविद्यालय विभाग में इस पाठ्यक्रम के लिए कुल 32 सीटें निर्धारित की गई हैं। नामांकन के लिए आनलाइन आवेदन चांसलर पोर्टल (झारखंड यूनिवर्सिटीज डाट एनआइसी डाट इन) के माध्यम से किया जाएगा।
आवेदन प्रक्रिया 18 फरवरी से शुरू होकर 28 फरवरी तक चलेगी। मेरिट सूची का प्रकाशन दो मार्च को किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन छह मार्च से 12 मार्च तक एसएसएलएनटी महिला कालेज, धनबाद में किया जाएगा। चांसलर पोर्टल के माध्यम से नामांकन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 17 मार्च निर्धारित की गई है।
आवेदन शुल्क 100 रुपये रखा गया है। योग्यता के लिए अभ्यर्थी को किसी भी संकाय से स्नातक के साथ एजुकेशन विषय में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक (सामान्य एवं ओबीसी के लिए) तथा एससी-एसटी के लिए 45 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है या बीएड डिग्री किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से होना चाहिए।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि जो अभ्यर्थी पहले ही चांसलर पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर चुके हैं, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। नामांकन विश्वविद्यालय के पीजी नियमों एवं एमए इन एजुकेशन की निर्धारित विनियमावली के अनुसार किया जाएगा। |
|