LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 137
भारत कोकिंग कोल लिमिटेड मुख्यालय।
जागरण संवाददाता, धनबाद। बीसीसीएल में कार्यरत कर्मियों की जन्मतिथि के अभिलेखों को पारदर्शी एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल प्रारंभ की गई है। 28 फरवरी 2025 को आयोजित 15 वीं क्यूएसएम बैठक के कार्यवृत्त के आलोक में यह निर्णय लिया गया है।
इसके तहत सभी कर्मियों की जन्मतिथि उनके वेतन पर्चे (पे-स्लिप) में प्रदर्शित की जाएगी तथा यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो तो उसके लिए एकमुश्त आपत्ति दर्ज कराने का अवसर प्रदान किया जाएगा। मुख्यालय स्तर पर गठित समिति की संस्तुतियों को सक्षम प्राधिकारी द्वारा अनुमोदित कर दिया गया है।
वेतन पर्ची में जन्मतिथि का उल्लेख
फरवरी 2026 माह (मार्च 2026 में देय) के वेतन पर्चे में सभी गैर-अधिकारी कर्मियों की जन्मतिथि के रूप में अंकित की जाएगी। ईआरपी सेल द्वारा सभी आवश्यक तकनीकी प्रावधान सुनिश्चित किए जाएंगे। एक मार्च 2026 के फाइनल रन के तुरंत बाद फरवरी 2026 की वेतन पर्चियां मुद्रित की जाएंगी तथा एक सप्ताह के भीतर संबंधित कर्मियों को वितरित की जाएंगी।
वितरण के समय प्रत्येक कर्मचारी से एक विशेष पंजिका (स्पेशल पर्पस फिजिकल रजिस्टर) में हस्ताक्षर एवं तिथि अंकित कर प्राप्ति सुनिश्चित की जाएगी। विभिन्न इकाइयों, प्रतिष्ठानों के लिए पृथक रजिस्टर होंगे।
जन्मतिथि आपत्ति हेतु नोटिस
वेतन पर्ची के साथ प्रत्येक कर्मचारी को द्विभाषीय औपचारिक नोटिस भी प्रदान किया जाएगा, जिसमें जन्मतिथि से संबंधित आपत्ति (यदि कोई हो तो) प्रस्तुत करने का आमंत्रण होगा। नोटिस की प्राप्ति भी उसी विशेष रजिस्टर में दर्ज की जाएगी। साथ ही यह सूचना सभी सूचना पटों एवं प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित की जाएगी।
इकाई मानव संसाधन अधिकारी (कोलियरी के लिए), क्षेत्रीय मानव संसाधन प्रबंधक (क्षेत्रों के लिए), प्रतिष्ठान प्रमुख(वर्कशाप आदि के लिए) एवं मुख्यालय के कर्मचारी स्थापना विभाग की यह जिम्मेदारी होगी कि प्रत्येक कर्मचारी को वेतन पर्ची एवं नोटिस व्यक्तिगत रूप से प्राप्त हो।
आपत्ति प्रस्तुत करने की समय-सीमा
कर्मियों को जन्मतिथि संबंधी आपत्ति दर्ज कराने हेतु डेढ़ माह (1.5 माह) का एकमुश्त अवसर प्रदान किया गया है। सभी आपत्तियां 15 अप्रैल तक लिखित रूप में, वैध दस्तावेजी साक्ष्यों सहित प्रस्तुत करनी होंगी। इसके बाद किसी भी परिस्थिति में जन्मतिथि संबंधी आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।
साथ ही संबंधित मानव संसाधन अधिकारी सभी मामलों की स्वयं भी जांच करेंगे तथा यदि कोई विसंगति पाई जाती है, तो उसे संकलित करेंगे, भले ही कर्मचारी द्वारा आपत्ति न उठाई गई हो।
रजिस्टर संधारण एवं अग्रेषण
प्राप्त सभी आपत्तियों को विशेष प्रयोजन रजिस्टर में क्रमवार दर्ज किया जाएगा। अंतिम तिथि के पश्चात रजिस्टर के अंतिम पृष्ठ को सील और प्राप्त कुल अभ्यावेदनों की संख्या एवं सारांश के साथ विधिवत बंद कर 16.04.2026 को औद्योगिक संबंध विभाग को प्रेषित किया जाएगा।
इकाई मानव संसाधन प्रबंधक द्वारा सभी मामलों की चेकलिस्ट तैयार कर 16.07.2026 तक संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय को अग्रेषित किया जाएगा। मुख्यालय के मामलों में एनईई भाग द्वारा एचओडी (औद्योगिक संबंध) को प्रस्ताव भेजे जाएंगे।
इसके बाद जन्म-तिथि विसंगति के संबंध में क्षेत्रीय स्तर पर गठित कमेटी दस्तावेजों का परीक्षण कर संस्तुति देगी। यह प्रक्रिया 31 अगस्त 2026 तक पूर्ण की जाएगी। इसके पश्चात औद्योगिक संबंध विभाग में नामित जन्मतिथि समिति सभी मामलों की अंतिम जांच कर सक्षम प्राधिकारी के अनुमोदन हेतु प्रस्तुत करेगी। प्राप्ति की तिथि से दो माह के भीतर प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।
जन्मतिथि का अंतिम निर्धारण
जिन मामलों का अंतिम निपटारा हो जाएगा, उनके वेतन पर्चे से शब्द हटाकर जन्मतिथि को अंतिम रूप से अंकित कर दिया जाएगा। बीसीसीएल प्रबंधन ने सभी कर्मियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी वेतन पर्ची में अंकित जन्मतिथि का सावधानीपूर्वक अवलोकन करें तथा आवश्यकता होने पर नियमानुसार आपत्ति प्रस्तुत करें। |
|