search

हजारीबाग में जानलेवा बनी दनुआ घाटी, सड़क हादसे में धनबाद के युवक की मौत; गर्भवती पत्नी व बच्ची समेत 4 गंभीर

deltin33 7 hour(s) ago views 785
  

प्रतीकात्मक तस्वीर



संवाद सूत्र, चौपारण (हजारीबाग)। जीटी रोड पर स्थित खतरनाक मानी जाने वाली दनुआ घाटी में लगातार दूसरे दिन भीषण सड़क दुर्घटना हुई। बुधवार को हुए हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गर्भवती महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।  

मृतक की पहचान धनबाद जिले के सिजुआ निवासी 36 वर्षीय अजीत कुमार के रूप में हुई है। हादसे में उनकी गर्भवती पत्नी ब्यूटी देवी, ढाई वर्षीय पुत्री प्रियांशी, छोटा भाई संदीप कुमार तथा कार चालक रामू साव गंभीर रूप से जख्मी हो गए।  

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सभी लोग कार से बिहार की ओर से आ रहे थे। दनुआ घाटी क्षेत्र में उस समय जीटी रोड पर आवागमन वन-वे किया गया था। इसी दौरान आगे चल रहे एक ट्रेलर की ट्रैक्टर से टक्कर हो गई।  
कार सीधे ट्रेलर में जा घुसी

अचानक ब्रेक लगने से पीछे आ रही कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और सभी सवार अंदर ही फंस गए।

करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।  
घायलों को आरोग्यम अस्पताल में भर्ती कराया

घायलों को एंबुलेंस से चौपारण सामुदायिक अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सक डॉ. फरहाना अख्तर ने अजीत कुमार को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया। बताया गया कि सभी घायलों को आरोग्यम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद दनुआ घाटी में लंबा जाम लग गया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारू कराया। क्षतिग्रस्त कार को क्रेन की मदद से ट्रेलर से अलग कर सड़क से हटाया गया। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
मौतों का जिम्मेदार कौन? लगातार दूसरे दिन हादसा

दनुआ घाटी बीते दो दशक से हादसों का केंद्र बनी हुई है। यहां सैकड़ों लोग जान गंवा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद एनएचएआई की ओर से ठोस पहल नहीं दिख रही है। हर दुर्घटना के बाद कुछ दिनों तक चर्चा होती है, फिर मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है।  

बुधवार को सिजुआ निवासी अजीत कुमार का हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया। ऐसे अनगिनत परिवार यहां अपनों को खो चुके हैं। दनुआ घाटी का तीखा ढलान और खतरनाक मोड़ आज भी जानलेवा बने हुए हैं।  

जीटी रोड को सिक्स लेन में तब्दील करने की योजना वर्षों से चर्चा में है, लेकिन इस क्षेत्र में अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। उल्लेखनीय है कि इसी स्थल के समीप मंगलवार को भी कोयला लदा एक ट्रक पलट गया था, जिसमें चालक और उपचालक बाल-बाल बच गए थे।
केंदुआ मोड़ पर दूसरी दुर्घटना, दो घायल

जीटी रोड के केंदुआ मोड़ के पास एक अन्य सड़क दुर्घटना में दो लोग घायल हो गए। इचाक प्रखंड निवासी चेतू कुमार (35), पिता—चंद्रिका भुइयां तथा अरुण कुमार (30), पिता—छेदी भुइयां बाइक से चौपारण की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक ट्रेलर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।  

हादसे के बाद बाइक ट्रेलर के नीचे फंस गई, जिससे ट्रेलर चालक मौके से भाग नहीं सका। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
like (0)
deltin33administrator

Post a reply

loginto write comments
deltin33

He hasn't introduced himself yet.

1510K

Threads

0

Posts

4710K

Credits

administrator

Credits
473534