search

कोल्डड्रिंक ना देने पर नशेड़ियों ने छात्र को पीटकर किया अधमरा, लखनऊ रेफर; बोर्ड परीक्षा नहीं दे पाएगा घायल आलोक

cy520520 2 hour(s) ago views 279
  



जागरण संवाददाता, बलरामपुर। दुकान पर कोल्डड्रिंक न मिलने की मामूली बात पर नशेड़ी युवकों ने यूपी बोर्ड 12वीं कक्षा के छात्र आलोक कुमार गुप्त को राड व हाकी से पीटकर अधमरा कर दिया। बचाव में आए उसके भतीजे 18 वर्षीय दुर्गेश को भी युवकों ने पीटा, जिससे सिर पर चोट आई है।

गंभीर रूप से घायल पाला लालाजोत गांव निवासी आलोक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नंदनगर से लखनऊ रेफर किया गया है। अब वह आगे की परीक्षा नहीं दे पाएगा। घटना में शामिल चील्ही कला गांव निवासी प्रमोद यादव व उसके दो साथियों के विरुद्ध गौरा चौराहा थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है।

12वीं कक्षा का है छात्र  

आलोक कुमार गुप्त नगर के डीएवी इंटर कालेज में 12वीं कक्षा का छात्र है। बीते गुरुवार को वह भगवती आदर्श इंटर कालेज परीक्षा केंद्र में हिंदी की परीक्षा देकर लौटा था। पढ़ाई के साथ वह अपने भाई सत्यदेव के साथ नसीबगंज चौराहा स्थित चाय व कोल्डड्रिंक आदि का होटल चलाता है। रात नौ बजे के बाद वह होटल पर बैठा आगामी परीक्षा की तैयारी कर रहा था।

पीड़ित के भाई सत्यदेव ने बताया कि इसी बीच प्रमोद यादव अपने दो साथियों के साथ सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार होकर वहां पहुंचा। तीनों कार में बैठे शराब पी रहे थे। इनमें से एक युवक कार से उतरकर आया और कोल्डड्रिंक मांगी। आलोक ने कहा कि कोल्डड्रिंक की बोतल जो रखी है, वह एक्पायर हो गई है, इसलिए नहीं दे पाऊंगा।

इस पर मनगढ़ युवक ने आलोक को गालियां देते हुए मोबाइल छीनकर कार की तरफ चल दिया। आलोक मोबाइल लेने के लिए उसके पीछे दौड़ा। मोबाइल मांगने पर युवक उसे पीटने लगा। तब तक कार में बैठा प्रमोद यादव और उसका दूसरा साथी कार से उतर आए। तीनों मिलकर उसे मारने-पीटने लगे। दंबगों ने राड व हाकी से आलोक के सिर व चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर अधमरा कर दिया।

आलोक को बचाने आए दुर्गेश पर भी नशेड़ी युवकों ने हमला किया। हाकी के वार से उसके भी सिर पर चोट आई। कस्बे के लोग व होटल पर काम करने वाले दो लड़के उसे बचाने दौड़े, तो तीनों ने कार में बैठ कर तेज रफ्तार से टक्कर मारकर दुकान का काउंटर क्षतिग्रस्त कर दिया।

यह भी पढ़ें- रामपुर में रोडवेज बस ने कोतवाल समेत पुलिस जीप को 50 मीटर तक घसीटा, ड्राइवर गिरफ्तार

भीड़ बढ़ती देख तीनों वहां से भाग निकले। थानाध्यक्ष हरीश सिंह ने बताया कि छात्र के बड़े भाई सत्यदेव की तहरीर पर प्रमोद यादव व दो अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
160173