बॉबी (इनसेट में) के साथ रहने वालों से हो चुकी पूछताछ।
संवाद सूत्र, बाराबंकी। शोएब बॉबी हत्याकांड में पुलिस का अब तक का होमवर्क किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सका है। करीबियों और बॉबी के साथ रहने वालों से घंटों पूछताछ के बावजूद पुलिस फिलहाल भ्रम की स्थिति में है। ऐसे में अब पुलिस डिजिटल एंगल पर फोकस किया है। पुलिस बाबी के मोबाइल फोन का डाटा रिकवर कराने की तैयारी में है, ताकि वॉट्सएप चैट और कॉल डिटेल से ही हत्या की वजह का सुराग मिल सके। उधर, एसटीएफ शूटरों के करीब पहुंचने के संकेत मिल रहे हैं।
मुख्तार अंसारी के करीबी शोएब महमूद किदवाई उर्फ बॉबी की 13 फरवरी की दोपहर सवा बजे सरेराह हाईवे पर शूटरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर मौत के घाट उतार दिया था। दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने वाले शूटरों ने तीन तरह के बोर का प्रयोग किया। पोस्टमार्टम में बाबी के शरीर से दस गोलियां निकली थीं, जबकि एक दाहिनी व दो बांयी कलाई सहित बांयें कंधे में गोली आरपार हो गई थी। मृतक के शरीर पर कुल 26 चोट के निशान मिले थे।
पुलिस को घटना स्थल की परिधि में लगे सीसी कैमरों के फुटेज से जब मदद नहीं मिली न ही सर्विलांस मददगार हो सका तो पुलिस ने बाबी के लखनऊ स्थित आवास से लेकर घटना स्थल तक के 78 सीसी कैमरों का फुटेज लिया है।
15 दिन के फुटेज में पुलिस लगातार रेकी करने वाले संदिग्धों के साथ वारदात के दिन संदिग्ध वाहनों को चिन्हित कर उन पर काम कर रही है। बाबी के साथ रहने वाले राशिद व मंत्री सहित करीब 30 लोगों से पूछताछ कर चुकी है, लेकिन कुछ हासिल नहीं हो सका है। बरामद मोबाइल करीब चार माह पूर्व खरीदा गया है, जिसके कारण मोबाइल में वॉट्सएप की पुरानी चैट डिलीट हो चुकी हैं।
फिलहाल मोबाइल की काल डिटेल व कॉल रिकार्डिंग पर अध्ययन कर रही है। अब पुलिस पुरानी वाटसअप चैट रिकवर करने के लिए फारेंसिक लैब भेजने की तैयारी में है। जांच में मोबाइल अथवा वाटसअप चैट से हुई किसी प्रकार की छेड़छाड़ भी पता चल जाएगी।
उधर, मामले में लगी स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगने की बात सामने आ रही है, लेकिन इस संबंध में कोई कुछ नहीं बोल रहा है।
वॉट्सएप चैट का अगर बैकअप लिया गया होगा तो पुरानी चैट रिकवर हो सकती हैं। अपने स्तर से जांच करने के बाद बाबी का मोबाइल फारेंसिक लैब भेजकर चैट रिकवर कराने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल सीसी सर्विलांस और बैंक एकाउंट से कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। उसके साथ रहने वाले दो युवकों से पूछताछ हो चुकी है।- अर्पित विजयवर्गीय, पुलिस अधीक्षक बाराबंकी
यह भी पढ़ें- Barabanki Murder: बॉबी हत्याकांड में पुलिस की जांच पर भारी STF का होमवर्क, जल्द हो सकता है खुलासा |
|