नगर निगम का ततारपुर स्थित गोदाम परिसर
जागरण संवाददाता, भागलपुर। नगर निगम शहरी क्षेत्र में चार पेट्रोल पंप खोलेगा। पहला स्टेशन तातारपुर गोदाम में खुलेगा। अन्य तीन स्टेशनों के लिए जमीन की तलाश शुरू कर दी गई है। इन पंपों में पेट्रोल-डीजल के अलावा ई-चार्जिंग और सीएनजी की भी सुविधा मिलेगी।
इससे शहरवासियों को तो सुविधा होगी ही, निगम के 300 से अधिक वाहनों को भी यहां-वहां तेल भराने के झंझट से मुक्ति मिल जाएगी। इसे लेकर गुरुवार को हिंन्दुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के प्रतिनिधि ने नगर आयुक्त के समक्ष प्रजेंटेशन दिया।
कागजी प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। जल्द निगम और एचपीसीएल के बीच करार होगा, जिसके बाद पेट्रोल पंप का निर्माण शुरू हो जाएगा। इस पंप से ईंधन आपूर्ति व्यवस्था के साथ-साथ हरित ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा।
विदित हो कि इसके लिए तत्कालीन नगर आयुक्त (वर्तमान में प्रमंडलीय आयुक्त) अवनीश कुमार सिंह पहल की थी। फिर तत्कालीन नगर आयुक्त शुभम कुमार और अब वर्तमान नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
नहीं रहना पड़ेगा आश्रित
नगर निगम के पास सफाई, फागिंग, जलापूर्ति, लाइटिंग और प्रशासनिक कार्यों के लिए 300 से अधिक वाहन हैं। यदि अपनी निगरानी में पेट्रोल पंप संचालित होगा तो निगम को अपने वाहनों में पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए आश्रित नहीं रहना पड़ेगा। साथ ही ईंधन की खपत और भुगतान का डिजिटल रिकार्ड भी रखा जा सकेगा।
निगम की जमीन, खर्च कंपनी करेगी
पेट्रोल पंप निगम की जमीन पर स्थापित होगा। इसके निर्माण और संचालन में निगम को सीधे तौर पर कोई पूंजी निवेश नहीं करना पड़ेगा। तेल कंपनी अपने खर्च पर पंप का निर्माण करेगी। इससे कंपनियों को व्यवसाय मिलेगा, जबकि निगम को ईंधन आपूर्ति में पारदर्शिता और संभावित राजस्व का लाभ होगा। निगम को अतिरिक्त आमदनी का स्रोत भी प्राप्त होगा।
इलेक्ट्रिक व सीएनजी स्टेशन पर भी विचार
शहर में बढ़ते प्रदूषण और इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए निगम इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन और सीएनजी स्टेशन खोलने की दिशा में भी सोच रहा है। यदि शहर में पर्याप्त चार्जिंग स्टेशन उपलब्ध होंगे तो लोग इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित होंगे। इससे वायु प्रदूषण में कमी आएगी और शहर का पर्यावरण बेहतर होगा।
पेट्रोल पंप के लिए हिंन्दुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) से प्रस्ताव मिला है। एग्रीमेंट को लेकर कागजी प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही शहर को पेट्रोल पंप मिल जाएगा। -किसलय कुशवाहा, नगर आयुक्त, भागलपुर |
|