वी. राजा, बाराबंकी। शहर में अब बिजली चोरी रोकने के लिए पावर कारपोरेशन अब डीटी मीटर लगवाएगा। यानि शहर के हर ट्रांसफार्मर पर डीटी मीटर (डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर मीटर) जल्द लगाए जाएंगे। इसकी पहल बाराबंकी डिवीजजन से शुरू होगी।
बाराबंकी डिवीजन में प्रथम चरण में 350 बड़े ट्रांसफार्मरों पर डीटी मीटर लगेंगे। डीटी मीटर लगने से प्रतिदिन किस ट्रांसफार्मर से कितनी बिजली खर्च हुई। कितना लोड बढ़ा इसका भी पता चलेगा। डीटी मीटर से यह भी पता चलेगा कि कितने उपभोक्ताओं ने कितनी बिजली खर्च की। जिले में करीब चार लाख 93 हजार उपभोक्ता है। जबकि अकेले शहर में करीब डेढ़ लाख बिजली उपभोक्ता है।
प्रथम चरण में सफेदाबाद, नागेश्वरनाथ व जहांगीराबाद फीडर चिन्हित: प्रथम चरण में बाराबंकी डिवीजन के तीन फीडरों को चिन्हित किया गया है। जहां पर सबसे अधिक लाइन लास की संभावना बिजली विभाग ने स्वयं जताई थी। उनमें शहर नागेश्वनाथ फीडर, ग्रामीण क्षेत्र का सफेदाबाद व जहांगीराबाद फीडर है।
यह भी पढ़ें- चार दिन से रोडवेज सेवा ठप होने से यात्री परेशान, 100 गांवों की आबादी प्रभावित
प्रथम चरण में यहां पर लगे 630 केवी, 400 केवी, 250 केवी के सभी ट्रांसफार्मरों पर डीटी मीटर लगेगे। इसके बाद बाराबंकी डिवीजन के सभी 11 उपकेंद्रों से जुड़े सभी फीडर के ट्रांसफार्मरों पर डीटी मीटर लगाए जाएंगे। जिनमें ओबरी उपकेंद्र, पल्हरी उपकेंद्र, बंकी उपकेंद्र, सतरिख, बड़ेल, चंदौली, जेपीनगर, दुदंपुरवा, देवा उपकेंद्र शामिल हैं।
गर्मी खर्च होती है पांच करोड़ यूनिट बिजली
अकेले बाराबंकी डिवीजन में गर्मी में औसतन पांच करोड़ यूनिट बिजली खर्च होती है। जबकि गर्मी में यह यूनिट इसके आधे करीब ढाई करोड़ यूनिट रहती है। डीटी मीटर लगने के बाद जो वास्तविक बिजली खर्च होगी वह यूनिट में दर्शाएगा।
कुल पांच हजार ट्रांसफार्मरों पर लगेंगे डीटी मीटर
प्रथम चरण में सफल प्रक्रिया के बाद बाराबंकी डिवीजन के करीब पांच हजार ट्रांसफार्मरों पर डीटी मीटर लगाए जाएंगे। डीटी मीटर बिजनेस प्लान योजना से लगवाए जाएंगे।
बिजली चोरी रोकने के लिए पावर कारपोरेशन का यह कदम अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रथम चरण में बाराबंकी डिवीजन के तीन फीडर जिसमें नागेश्वरनाथ, सफेदाबाद व जहांगीराबाद फीडर से जुड़े सभी ट्रांसफार्मरों पर डीटी मीटर लगवाया जाएगा। इसके लगने के बाद यह आसानी से पता चल सकेगा किस फीडर पर कितने यूनिट वास्तविक बिजली खर्च हुई। -घनश्याम त्रिपाठी, अधिशाषी अभियंता, बाराबंकी डिवीजन। |