भागलपुर-दिल्ली-सूरत के लिए होली स्पेशल ट्रेन।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। होली के मद्देनजर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए भागलपुर से आनंद विहार (दिल्ली) और गुजरात के उधना (सूरत) के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। त्योहार के दौरान दिल्ली, सूरत और मुंबई रूट पर यात्रियों की संख्या में हर वर्ष उल्लेखनीय वृद्धि होती है, जिससे नियमित ट्रेनों में दबाव बढ़ जाता है और लंबी वेटिंग की स्थिति बन जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त फेरे संचालित करने का निर्णय लिया है, ताकि यात्रियों को सुगम और सुरक्षित यात्रा सुविधा मिल सके।
दिल्ली और सूरत रूट पर अतिरिक्त फेरे
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन स्पेशल ट्रेनों के परिचालन से मालदा-आनंद विहार और मालदा-उधना रूट पर भीड़ का दबाव कम होगा। होली के दौरान स्पेशल ट्रेनों की कुल संख्या बढ़कर छह हो जाएगी। इसके अलावा गांधीधाम एक्सप्रेस को भी होली स्पेशल के रूप में चलाने की योजना बनाई गई है। ट्रेनों के परिचालन से बिहार से दिल्ली और गुजरात जाने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। जल्द ही समय-सारिणी और आरक्षण की तिथियों की घोषणा की जाएगी।
रेलवे का कहना है कि त्योहारों के समय स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ अचानक बढ़ जाती है। ऐसे में अतिरिक्त ट्रेनों के परिचालन से भीड़ प्रबंधन में मदद मिलेगी और यात्रियों को राहत मिलेगी। जल्द ही ट्रेनों के समय-सारिणी और बुकिंग संबंधी विस्तृत जानकारी जारी की जाएगी। इधर, मालदा मंडल अंतर्गत सबौर रेलवे स्टेशन का रविवार को उच्चस्तरीय निरीक्षण किया गया। पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (पीसीसीएम) डॉ. उदय शंकर झा ने स्टेशन की यात्री सुविधाओं, वाणिज्यिक व्यवस्थाओं और चल रहे पुनर्विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान टिकट जांच व्यवस्था, बुकिंग काउंटरों की स्थिति, स्वच्छता और यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का आकलन किया गया। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि निर्माण कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करते हुए यात्रियों को बेहतर और निर्बाध सेवाएं सुनिश्चित की जाएं। |
|