LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 854
बहादराबाद क्षेत्र का मामला, पुलिस ने दर्ज किया क्रॉस मुकदमा। प्रतीकात्मक
संवाद सूत्र, बहादराबाद। ट्रक के पास शौच करने को लेकर हुए विवाद में कुछ युवकों ने चालक की पिटाई कर दी। आरोप है कि चालक का नाम पूछकर सांप्रदायिक टिप्पणी करते हुए बुरी तरह पीटा गया। जिससे वह घायल हो गया।
वहीं, दूसरे पक्ष ने भी ट्रक चालक पर मारपीट के आरोप लगाए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर क्रॉस मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पुलिस के मुताबिक, बीते 22 फरवरी की रात कलियर-बहादराबाद मार्ग पर स्थित किसान ढाबे के पास फिरोज आलम निवासी मन्सूरपुर माफी, मुरादाबाद ने अपना ट्रक खड़ा किया हुआ था। उसी दौरान नितीश पाल, विभांशु अपने दोस्त अंकुर चौहान, गौरव व कार्तिक चौहान के साथ किसान ढाबा पर खाना-खाने गए थे। नितीश व विभांशु ढाबे के पास खड़े ट्रक की आड़ में शौच करने लगे।
ट्रक चालक फिरोज ने उन्हें मना किया। इसी बात पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। गाली-गलौच व मारपीट में फिरोज घायल हो गया। सूचना पर पुलिस ने दोनों पक्षो को समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया। फिरोज ने दूसरे पक्ष पर मारपीट के साथ ही नाम पूछकर धार्मिक आधार पर अपशब्द कहने के आरोप भी लगाए। जिसका वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
बाद में फिरोज ने आरोपितों के खिलाफ बहादराबाद थाने में तहरीर दी। दूसरे पक्ष की ओर से भी शिकायत देकर मारपीट के आरोप लगाए गए।
इंस्पेक्टर बहादराबाद विजय सिंह ने बताया कि धर्म संबंधी टिप्पणी करने के कोई भी तथ्य प्रकाश मे नहीं आए हैं। फिलहाल दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर क्रॉस मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
धार्मिक एंगल को पुलिस ने किया खारिज
विवाद में धार्मिंक एंगल को पुलिस ने पूरी तरह खारिज करते हुए सामान्य विवाद बताया है। एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष ढाबे पर खाना खाने के लिए गए थे। उसी दौरान नितीश व उसका दोस्त ट्रक के टायर पर शौच करने लगा।
चालक ने विरोध किया तो उनके बीच मारपीट हो गई। दोनों पक्ष पहले से एक दूसरे को जानते भी नहीं थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में धार्मिक टिप्पणी जैसी बात सामने नहीं आई है। फिर भी पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है।
यह भी पढ़ें- हरकी पैड़ी की तंग गलियों में गैस सिलेंडरों का ‘बारूद घर’, लगातार हो रहे अग्निकांड
यह भी पढ़ें- हरिद्वार में साध्वी प्राची का आह्वान: जातिवाद छोड़ एकजुट हों हिंदू, जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग  |
|