जागरण संवाददाता, उन्नाव। रेलवे की जमीन पर अवैध कब्जों को हटाने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद कब्जेदारों की धड़कन बढ़ गई है। शहर, मगरवारा और शुक्लागंज के बीच रेलवे की जमीन पर 1000 से अधिक कच्चे-पक्के मकान व झुग्गी स्थापित हैं। पूर्व में रेलवे की मिली नोटिस व सुप्रीम कोर्ट के इस आदेश के बाद अवैध निर्माण कर रह रहे लोगों के माथे पर चिंता की लकीरें हैं। डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि वह अवैध कब्जेदारों को पूर्व में नोटिस भेज चुके हैं। जल्द ही अवैध निर्माण को ढहाकर जमीन कब्जामुक्त कराई जाएगी।
कानपुर-लखनऊ रेल रूट पर गंगाघाट से जैतीपुर के बीच रेलवे की जमीन पर कच्चे-पक्के निर्माण, झोपड़ी और अस्थायी ढांचे बनाकर लोगों ने कब्जा कर रखा है। रेलवे की ओर से ट्रैक को सुरक्षित करने के लिए दोनों ओर बाउंड्रीवाल बनाने की प्रकिया चल रही है। शहर के आवास विकास समेत अन्य जगहों पर जहां भी कब्जे थे, रेलवे ने कई जगहों पर उन्हें हटवाकर बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया।
लोकनगर में बाउंड्रीवॉल के निर्माण के दौरान कई घर रेलवे की जमीन पर बने मिले। जिन्हें चिह्नित कर सीमांकन करा रेलवे ने मकान हटाने के लिए उनके स्वामियों को नोटिस दी। अभी तक मकान नहीं हटे। जिससे बाउंड्रीवाल का निर्माण कार्य रुका है। इसी तरह गांधी नगर व ईदगाह मुहल्ला में भी रेलवे की जमीन पर कब्जा किया गया है।
मगरवारा स्टेशन के पास भी रेलवे की जमीन पर कब्जा था, जिसे रेलवे ने बुलडोजर से ढहा कर जमीन को सुरक्षित किया। गंगाघाट क्षेत्र में राजीव नगर खंती में कच्चे व पक्के लगभग 800 घर बने हैं।रेलवे की ओर से कई बार नोटिस दी गई पर अब तक कब्जा नहीं हटाया जा सका। इसी तरह कानपुर-बालामऊ रूट पर गंजमुरादाबाद रेलवे स्टेशन (हाल्ट) के नजदीक रेलवे की जमीन पर नट और कुछ घमंतू जाति के लोग तिरपाल व झोपड़ी बनाकर रह रहे हैं।
डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि ट्रैक के किनारे अतिक्रमण से न केवल रेल संपत्ति को नुकसान पहुंचता है, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी यह गंभीर खतरा है। कई स्थानों पर ट्रैक के बेहद नजदीक तक निर्माण कर लिया गया है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
इससे पहले आरपीएफ की ओर से कब्जाधारकों को नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया। लेकिन अब कोर्ट के आदेश के बाद अवैध कब्जों को हटाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। आरपीएफ इंस्पेक्टर हरीश कुमार ने बताया रेलवे ट्रैक के आसपास रहने वाले लोगों को लगातार कब्जा हटाने के लिए कहा जा रहा है। जल्द रेलवे की जमीन को कब्जा मुक्त करा जमीन पर बाउंड्रीवाल कराई जा रही है।
यह भी पढ़ें- UP Expressway में बड़ी खामी: 95% तैयार गंगा एक्सप्रेसवे पर धंसने लगी सड़क, 6 जगह पुलों के सस्पेंशन ज्वाइंट में बड़ी खामी
 |